कोरबा में नशाखोरी पर सख्त कार्रवाई की मांग, विश्व हिंदू परिषद व बजरंग दल ने सौंपा ज्ञापन,पाम माल के ONC बार पर आरोप, 10 दिन में कार्रवाई नहीं हुई तो आंदोलन की चेतावनी
कोरबा:- शहर में बढ़ती नशाखोरी और युवाओं में नशे की लत को लेकर विश्व हिंदू परिषद व बजरंग दल ने कड़ा रुख अपनाया है। सोमवार को संगठन के कार्यकर्ताओं ने पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचकर ज्ञापन सौंपा और नशाखोरी के अड्डों पर सख्त कार्रवाई की मांग की। बजरंग दल के जिला संयोजक राणा मुखर्जी ने बताया कि पाम मॉल स्थित ONC बार से नशे के मामलों में तेजी से बढ़ोतरी हो रही है। खासकर कम उम्र के युवक-युवतियां यहां आकर नशे के गिरफ्त में आ रहे हैं, जिससे कोरबा शहर का माहौल बिगड़ रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि बार में अवैध रूप से नाबालिगों को प्रवेश दिया जा रहा है और शराब आसानी से परोसी जा रही है। राणा मुखर्जी ने प्रशासन से मांग की कि इस बार की जांच कर उचित कार्रवाई की जाए। साथ ही नाबालिगों के प्रवेश पर तत्काल रोक लगाने की जरूरत जताई। संगठन ने चेतावनी दी है कि यदि 10 दिनों के भीतर कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई, तो वे उग्र आंदोलन करेंगे। ज्ञापन सौंपते समय संगठन के कई कार्यकर्ता उपस्थित थे। पुलिस अधीक्षक कार्यालय में ज्ञापन लेने के बाद अधिकारियों ने मामले की जांच का आश्वासन दिया है। अब देखना होगा कि प्रशासन इस दिशा में क्या कदम उठाता है।

0 Comments