जशपुर / जशपुर जिले के बगीचा क्षेत्र में लगातार हो रही बारिश और बाढ़ ने जनजीवन को पूरी तरह अस्त-व्यस्त कर दिया है। बाढ़ का पानी सरकारी शराब दुकान और उससे जुड़े आहातों में घुस जाने से लाखों रुपये का नुकसान हुआ है। वहीं, तहसील चौक और बस स्टैंड के बीच बहने वाला उफनता पहाड़ी नाला लोगों के लिए जानलेवा साबित हो रहा है। इससे स्कूली बच्चों, मरीजों, जरूरी सेवाओं और आम नागरिकों की आवाजाही बुरी तरह प्रभावित हो रही है। स्थानीय लोगों ने प्रशासन पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए नुकसान की भरपाई और स्थायी समाधान की मांग की है।
आहाता संचालक निश्चय जायसवाल ने बताया कि बाढ़ का पानी दुकान में घुसने से फ्रिज, कूलर, फर्नीचर और खाने-पीने का सामान पूरी तरह बर्बाद हो गया है। उन्होंने प्रशासन से हुए नुकसान का मुआवजा देने और नदी-नालों की नियमित सफाई कराने की मांग की है।
इधर, बगीचा नगर पंचायत के तहसील चौक से बस स्टैंड के बीच स्थित मुख्य मार्ग पर उफनता पहाड़ी नाला हर बारिश में आवागमन ठप कर देता है। स्थानीय लोगों का कहना है कि नाले की सफाई और पुलिया के रखरखाव की अनदेखी के कारण घंटों तक रास्ता बंद रहता है, जिससे अस्पताल सहित अन्य जरूरी सेवाएं भी प्रभावित होती हैं। बीती रात तेज बहाव में एक युवक की बाइक नाले में बहकर डैम तक पहुंच गई। हालांकि युवक सुरक्षित बच गया, जबकि सुबह बाइक को बाहर निकाला गया। लोगों का आरोप है कि नाले पर अवैध कब्जों के कारण उसकी चौड़ाई कम हो गई है, जिससे हर साल बाढ़ जैसी स्थिति बनती है।
आबकारी निरीक्षक मदन लाल ध्रुव ने बताया कि बगीचा स्थित सरकारी शराब दुकान में बाढ़ का पानी पूरी तरह घुस गया, जिससे काफी नुकसान हुआ है। फिलहाल दुकान में सफाई का कार्य जारी है। पानी भरने के कारण दुकान के संचालन में भी परेशानी आ रही है।
हालांकि अब बाढ़ का पानी धीरे-धीरे उतरने लगा है, लेकिन लोगों में प्रशासन के प्रति नाराजगी बरकरार है। क्षेत्रवासियों का कहना है कि हर साल ऐसी स्थिति बनती है, लेकिन स्थायी समाधान नहीं किया जाता। अब सभी की नजर प्रशासन पर है कि इस बार केवल आश्वासन मिलेगा या अगली बारिश से पहले समस्या का स्थायी समाधान भी किया जाएगा।

0 Comments