सुशासन तिहार बना जनसेवा का माध्यम, भैसमा में कु. जयंती को मिला नया जीवन
कोरबा :- छत्तीसगढ़ सरकार द्वारा चलाए जा रहे सुशासन तिहार अभियान के अंतर्गत जनसुनवाई और सेवा के कार्यों में उल्लेखनीय प्रगति देखी जा रही है। इस अभियान का उद्देश्य प्रशासन को आम जनता के और करीब लाना है, जिससे लोगों की समस्याओं का त्वरित समाधान हो सके।
कोरबा जिले के ग्राम भैसमा में आयोजित सुशासन तिहार के दौरान ग्राम पंचायत कोरकोमा निवासी कु. जयंती (उम्र 13 वर्ष) पिता शांति लाल माता सम्पति बाई ने एक आवेदन दिया था। जयंती को मोतियाबिंद की समस्या थी, जिससे उसकी दृष्टि लगातार कमजोर हो रही थी। आर्थिक रूप से कमजोर इस परिवार के लिए इलाज कराना संभव नहीं था, जिससे जयंती की पढ़ाई कक्षा पहली के बाद बंद हो गई थी।
सुशासन तिहार में आवेदन देने के बाद प्रशासन ने तत्परता से कार्रवाई की। संबंधित विभाग को जांच के निर्देश दिए गए और कुछ ही दिनों में कु. जयंती का सफल ऑपरेशन कराया गया। अब वह पहले की तरह देख सकती है और उसका परिवार इस पुनर्जन्म जैसी राहत से अत्यंत खुश है। आज जयंती क़ा चेकप कराने आये जिला अस्पताल माता-पिता ने इसके लिए छत्तीसगढ़ शासन और कोरबा जिला प्रशासन के प्रति आभार व्यक्त किया।
ऐसे अनेक उदाहरण हैं जहाँ सुशासन तिहार ने जरूरतमंदों की ज़िंदगी में रोशनी लाई है। हालांकि कुछ मामलों में शासन स्तर की जटिल प्रक्रियाओं के कारण कार्यों में विलंब होता है, फिर भी प्रशासन द्वारा उन्हें सरल रूप में समझाकर समाधान की दिशा में कार्य किया जाता है।
सुशासन तिहार केवल एक अभियान नहीं, बल्कि आशा की किरण बन कर उभर रहा है।

0 Comments