भारतीय सेना के सम्मान में आज 17 मई को तिरंगा यात्रा, प्रत्येक गांव शहर मे निकाले यात्रा, कलेक्टर ने की आमजन से सहभागिता की अपील
कोरबा, 17 मई – भारतीय सेना द्वारा हाल ही में सम्पन्न किए गए सफल ‘‘ऑपरेशन सिन्दूर’’ की उपलब्धि और राष्ट्र की सुरक्षा में उनके अतुलनीय योगदान के सम्मान में आज कोरबा शहर में भव्य तिरंगा यात्रा का आयोजन किया जा रहा है। यह यात्रा शाम 4.30 बजे से घंटाघर चौक, निहारिका से प्रारंभ होगी।
यह कार्यक्रम केवल भारतीय सेना के अद्वितीय शौर्य और पराक्रम का प्रतीक नहीं होगा, बल्कि नागरिकों की राष्ट्रभक्ति, एकता और अखंडता का भी सशक्त प्रदर्शन करेगा। जिला प्रशासन द्वारा आयोजित इस जनभागीदारी कार्यक्रम में सभी आयु वर्ग के नागरिकों की उपस्थिति अपेक्षित है।
जिला कलेक्टर अजीत वसंत ने शहरवासियों से अपील की है कि वे इस तिरंगा यात्रा में उत्साहपूर्वक भाग लें और भारतीय सेना के प्रति अपना सम्मान प्रकट करें। उन्होंने कहा कि – "हमारी सेना देश की सीमाओं की रक्षा के लिए दिन-रात तत्पर रहती है। ऐसे में हम सबका कर्तव्य है कि हम उनके सम्मान में एकजुट होकर खड़े हों और अपनी राष्ट्रभक्ति का परिचय दें। यह तिरंगा यात्रा हमारे एकजुटता की प्रतीक बनेगी।"
तिरंगा यात्रा में शहर के गणमान्य नागरिक, सामाजिक संगठन, विद्यार्थी, युवा समूह, महिला मंडल, स्कूली बच्चे और विभिन्न समाजसेवी संस्थाएँ भी हिस्सा लेंगी। आयोजन स्थल पर देशभक्ति गीत, सेना के गौरवशाली इतिहास का संक्षिप्त परिचय और शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित करने जैसे कार्यक्रम भी आयोजित किए जाएंगे।
पुलिस प्रशासन ने यात्रा को शांतिपूर्ण और सुव्यवस्थित ढंग से सम्पन्न कराने के लिए आवश्यक तैयारियाँ पूरी कर ली हैं। यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के लिए वैकल्पिक मार्गों की भी व्यवस्था की गई है।
तिरंगा यात्रा केवल एक प्रतीकात्मक आयोजन नहीं है, बल्कि यह हर उस भारतीय की आवाज है जो सेना के प्रति कृतज्ञता, गर्व और समर्थन प्रकट करना चाहता है। यह कार्यक्रम शहर में देशभक्ति की भावना को और मजबूत करेगा।

0 Comments