जनपद पंचायत पोड़ी उपरोड़ा अंतर्गत लैंगा क्लस्टर में सुशासन तिहार 2025 के तहत समाधान शिविर का आयोजन
छत्तीसगढ़ शासन की पहल पर सुशासन तिहार 2025 के अंतर्गत आज जनपद पंचायत पोड़ी उपरोड़ा के ग्राम पंचायत लैंगा में समाधान शिविर का सफल आयोजन किया गया। यह आयोजन लैंगा क्लस्टर की सभी ग्राम पंचायतों को सम्मिलित करते हुए किया गया, जिसमें स्थानीय निवासियों को शासन की योजनाओं और सेवाओं से सीधे लाभान्वित करने का लक्ष्य रहा।
इस अवसर पर कार्यक्रम की मुख्य अतिथि पवन कुमार सिंह अध्यक्ष जिला पंचायत कोरबा रहे। साथ ही मंच पर श्री प्रकाश चंद जाखड़ उपाध्यक्ष जनपद पंचायत पोड़ी उपरोड़ा, श्री तुलाराम भारद्वाज अनुविभागीय अधिकारी (रा.) पोड़ी उपरोड़ा, श्रीमती शांति मरावी जिला पंचायत सदस्य, श्रीमती श्यामा बाई पेंद्रो जनपद सदस्य, श्री प्रताप मरावी सरपंच संघ अध्यक्ष, तथा जय प्रकाश डडसेना मुख्य कार्यपालन अधिकारी जनपद पंचायत पोड़ी उपरोड़ा, वीरेंद्र श्याम पसान तहसीलदार, ग्राम पंचायतों के सरपंच व सचिव व ग्रामीण उपस्थित रहे।
समाधान शिविर में लैंगा क्लस्टर के ग्राम पंचायत लैंगा, सेमरा, सैला, सरिसिमार, रामपुर, पंडरीपानी, कारीमाटी, धवलपुर, सासिन एवं सेन्दूरगढ़ की जनता ने भाग लिया। शिविर में ग्रामीणों से विभिन्न विभागों द्वारा आवेदन प्राप्त कर उनकी समस्याओं का मौके पर निराकरण किया गया।
शिक्षा विभाग द्वारा 8 विद्यार्थियों को जाति प्रमाण पत्र प्रदान किए गए। कृषि विभाग द्वारा 1 मोटर पंप का वितरण किया गया। जनपद पंचायत से 4 हितग्राहियों को राशन कार्ड तथा 8 लोगों को जॉब कार्ड प्रदान किए गए। अन्य विभागों द्वारा भी आवश्यक सामग्रियों का वितरण कर जनता को सीधा लाभ प्रदान किया गया, कार्यक्रम में विभागीय अधिकारियों ने आम जनता की समस्याएं सुनीं, उनके समाधान प्रस्तुत किए और सरकारी योजनाओं की जानकारी देकर अधिकतम लाभ उठाने हेतु प्रेरित किया।
कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य शासन-प्रशासन को जनता के और निकट लाना और प्रशासनिक सेवाओं को सुगम, पारदर्शी व त्वरित बनाना रहा। इस शिविर ने जनसमस्याओं के त्वरित समाधान के साथ सुशासन की अवधारणा को साकार किया।


0 Comments