प्रमुख सचिव श्री बोरा का पोड़ी उपरोड़ा दौरा: सुशासन तिहार की समीक्षा और एकलव्य विद्यालय भूमि का निरीक्षण
पोड़ी उपरोड़ा (कोरबा):- प्रमुख सचिव, आदिम जाति तथा अनुसूचित जाति विकास विभाग, श्री सोनमणि बोरा ने शुक्रवार को विकासखंड पोड़ी उपरोड़ा का अल्पकालिक दौरा किया। इस दौरान उन्होंने सुशासन तिहार के अंतर्गत समाधान शिविर में प्राप्त आवेदनों, शिकायतों और उनके निराकरण की प्रगति की समीक्षा की। उन्होंने विभागीय कार्यों की समीक्षा करते हुए छात्रावासों एवं आश्रमों में आगामी शैक्षणिक सत्र के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं शीघ्र पूर्ण करने के निर्देश दिए।
प्रमुख सचिव श्री बोरा ने ग्राम रामपुर में एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालय के लिए आबंटित भूमि का भी निरीक्षण किया। वर्तमान में यह विद्यालय अस्थायी रूप से आईटीआई पोड़ी उपरोड़ा के भवन में संचालित हो रहा है। वर्ष 2022-23 में रामपुर ग्राम में विद्यालय हेतु भूमि आबंटित की गई थी, किंतु निर्माण एजेंसी एनपीसीसीएल, गुरुग्राम द्वारा दो वर्षों तक कोई कार्य प्रारंभ न किए जाने के कारण वर्ष 2024 में उसका वर्क ऑर्डर निरस्त कर नया कार्य टीसीआईएल को सौंपा गया है।
श्री बोरा के निरीक्षण से निर्माण कार्य में शीघ्र गति आने की संभावना है, जिससे क्षेत्र के विद्यार्थियों को शीघ्र ही नए भवन में शिक्षा प्राप्त करने का अवसर मिलेगा। इस अवसर पर उप सचिव श्री बी.के. राजपूत, सहायक आयुक्त श्री कसेर, तहसीलदार श्री विनय देवांगन सहित विभागीय अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित थे।

0 Comments