पंचायत सचिव राजकुमार कश्यप को श्रद्धांजलि, परिजनों को दी गई 1.70 लाख रुपये की सहायता राशि
कोरबा। पंचायत सचिवों के शासकीयकरण की मांग को लेकर जारी आंदोलन के दौरान पंचायत सचिव राजकुमार कश्यप की दुखद मृत्यु के बाद पूरे प्रदेश में शोक की लहर है। इसी कड़ी में जिला पंचायत सचिव संघ के प्रतिनिधिमंडल ने उनके निवास पर पहुंचकर शोक संतप्त परिजनों से मुलाकात की और अपनी संवेदनाएं व्यक्त कीं। संघ की ओर से मृतक सचिव की पत्नी को 1 लाख 70 हजार रुपये की सहयोग राशि प्रदान की गई। संघ के पदाधिकारियों ने परिजनों को भरोसा दिलाया कि वे इस कठिन समय में परिवार के साथ हैं और भविष्य में भी हरसंभव सहयोग दिया जाएगा।
जिला पंचायत सचिव संघ के अध्यक्ष जयपाल सिंह कंवर ने गहरा आक्रोश व्यक्त करते हुए कहा कि प्रशासन को कई बार आंदोलन की गंभीरता से अवगत कराया गया, लेकिन कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया, जो अत्यंत दुर्भाग्यपूर्ण है। उन्होंने कहा कि राजकुमार कश्यप का बलिदान व्यर्थ नहीं जाएगा और उन्हें हमेशा संघर्ष के प्रतीक के रूप में याद किया जाएगा। शोक संवेदना व्यक्त करने पहुंचे प्रतिनिधिमंडल में पंचायत सचिव संघ के प्रवक्ता रहीम अली, सलाहकार छत्रपाल सिंह, कोरबा ब्लॉक अध्यक्ष विजय एक्का, करतला ब्लॉक से सत्यनारायण सिंह कंवर, पोड़ी ब्लॉक से मोहम्मद हसन खान, पाली ब्लॉक अध्यक्ष राम कुमार टेकाम सहित अनेक पंचायत सचिव उपस्थित थे। सभी ने दिवंगत सचिव को श्रद्धांजलि अर्पित की और उनके सपनों को साकार करने के लिए आंदोलन को और तेज़ करने की बात कही।

0 Comments