जंगल मे गूंजी किलकारी: 112 सेवा और मितानिन की तत्परता से गर्भवती महिला ने सुरक्षित शिशु को दिया जन्म
कोरबा। 12 अप्रैल को कोरबा जिले के मोंरगा चौकी अंतर्गत एक मानवीय और साहसिक घटना सामने आई, जहां 112 इमरजेंसी सेवा और मितानिन की तत्परता ने एक गर्भवती महिला और उसके नवजात की जान बचाई। ग्राम पंचायत गिधमुड़ी के खोटखोर्री क्षेत्र की 22 वर्षीय गर्भवती महिला संगीता कुजूर को अचानक तेज प्रसव पीड़ा हुई।
सूचना मिलते ही बांगो कोरबा-01 की 112 टीम तत्काल मौके पर पहुंची। महिला को ईआरव्ही वाहन से अस्पताल ले जाया जा रहा था, लेकिन रास्ते में जंगल के बीच उसकी पीड़ा अत्यधिक बढ़ गई, जिससे वाहन को रोकना पड़ा।इस कठिन परिस्थिति में मितानिन प्रेमा बाई और परिजनों की मदद से दोपहर 15:52 बजे संगीता ने एक स्वस्थ बच्चे को जन्म दिया। तत्पश्चात मां और नवजात को मोंरगा अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां दोनों की स्थिति सामान्य बताई गई है।इस साहसी कार्य में ईआरव्ही स्टाफ आरक्षक राम सिंह श्याम (618) और चालक संजय कुमार लकड़ा की भूमिका अत्यंत सराहनीय रही। स्थानीय ग्रामीणों और स्वास्थ्य विभाग ने मितानिन प्रेमा बाई की मानवीय सेवा और सजगता की जमकर प्रशंसा की है।

0 Comments