लालपुर पंचायत में अनियमितता के आरोपों पर मचा बवाल, सरपंच और उपसरपंच में सामंजस्य लेकिन प्रशासनिक जांच जारी, दोनों पदाधिकारियों ने कहा गांव के विकास के लिए मिलकर करेंगे काम
पोड़ी उपरोड़ा विकासखंड के अंतर्गत आने वाली ग्राम पंचायत लालपुर इन दिनों सुर्खियों में है। पंचायत में निर्माण कार्यों और वित्तीय अनियमितताओं को लेकर शिकायतें सामने आई हैं। ग्रामीणों द्वारा सरपंच धनेश्वर ओरकेरा और सचिव हसन पर पंचायत निधि के दुरुपयोग और निर्माण कार्यों में गड़बड़ी के आरोप लगाए गए हैं। इस संबंध में जिला प्रशासन से शिकायत भी की गई है, जिसके बाद अब प्रशासनिक जांच की प्रक्रिया जारी है।
जांच के बीच पंचायत में एक और मुद्दा चर्चा का विषय बना हुआ था, यह कहा जा रहा था कि सरपंच धनेश्वर ओरकेरा और उपसरपंच टेक सिंह के बीच लंबे समय से आपसी मतभेद चल रहे हैं। इस तरह की बातों ने पंचायत के माहौल को और अधिक तनावपूर्ण बना दिया था। हालांकि, इन अफवाहों पर अब स्वयं सरपंच और उपसरपंच ने विराम लगा दिया है। दोनों पदाधिकारियों ने संयुक्त रूप से बयान जारी करते हुए कहा है कि उनके बीच किसी प्रकार का कोई विवाद नहीं है और गांव के विकास के लिए दोनों पूरी एकजुटता से कार्य करेंगे। आज उन्होंने बांगो थाना में एक लिखित पत्र भी प्रस्तुत किया, जिसमें साफ तौर पर उल्लेख किया गया कि न तो पहले कभी किसी प्रकार की आपसी शिकायत की गई थी और न ही आगे की जाएगी। फिलहाल इस पूरे मामले में प्रशासनिक जांच अभी जारी है। अधिकारी दस्तावेजों की जांच और स्थल निरीक्षण कर रहे हैं। जांच रिपोर्ट आने के बाद ही यह स्पष्ट होगा कि वास्तव में निर्माण कार्यों और वित्तीय लेनदेन में कोई अनियमितता हुई है या नहीं।
कुल मिलाकर, लालपुर पंचायत में जहां एक ओर अनियमितता के आरोपों की जांच जारी है, वहीं दूसरी ओर सरपंच और उपसरपंच ने मिलकर गांव में विकास और प्रेम की दिशा में आगे बढ़ने का संकल्प लिया है।
क्या कहा सरपंच व उप सरपंच ने 👇🏻👇🏻

0 Comments