विनोद उर्रे को मिली बड़ी जिम्मेदारी.. सांसद ज्योत्सना महंत ने पोड़ी-उपरोड़ा विकासखंड के स्वास्थ्य मामलों का प्रतिनिधि नियुक्त किया
पोड़ी-उपरोड़ा क्षेत्र के सक्रिय युवा कांग्रेस नेता एवं विधानसभा संयोजक विनोद उर्रे को कोरबा लोकसभा क्षेत्र की सांसद श्रीमती ज्योत्सना चरणदास महंत ने एक महत्वपूर्ण दायित्व सौंपा है। सांसद महंत ने उन्हें समस्त पोड़ी-उपरोड़ा विकासखंड के स्वास्थ्य विभाग से संबंधित मामलों के लिए अपना प्रतिनिधि नियुक्त किया है।
इस नियुक्ति के तहत विनोद उर्रे अब क्षेत्र में स्वास्थ्य सुविधाओं की निगरानी, जनसमस्याओं के समाधान, अस्पतालों एवं स्वास्थ्य उपकेंद्रों की स्थिति पर फीडबैक देने के साथ-साथ आम जनता की स्वास्थ्य संबंधी जरूरतों को सांसद तक पहुंचाने का कार्य करेंगे। सांसद महंत ने उन्हें निर्देशित किया है कि वे क्षेत्र के लोगों के हितों को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए सक्रिय रूप से कार्य करें और स्वास्थ्य सेवाओं में सुधार के लिए हर संभव प्रयास करें।
इस महत्वपूर्ण जिम्मेदारी के लिए विनोद उर्रे ने छत्तीसगढ़ विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष डॉ. चरणदास महंत, सांसद श्रीमती ज्योत्सना चरणदास महंत, जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष मनोज चौहान, तथा पूर्व विधायक मोहितराम केरकेट्टा का आभार व्यक्त किया है। उन्होंने कहा कि उन्हें जो विश्वास और जिम्मेदारी सौंपी गई है, उसे वे पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ निभाएंगे।
विनोद उर्रे की नियुक्ति से पोड़ी-उपरोड़ा क्षेत्र के कांग्रेस कार्यकर्ताओं और स्थानीय नागरिकों में उत्साह का माहौल है। लोगों को उम्मीद है कि उनके प्रतिनिधित्व में स्वास्थ्य सेवाओं को लेकर क्षेत्र में ठोस सुधार देखने को मिलेंगे।

0 Comments