रानी अटारी विजय वेस्ट कोल खदान में मजदूरों का आंदोलन, सरपंच संघ अध्यक्ष प्रताप मराबी के मुख्य नेतृत्व व संतोष मरावी के नेतृत्व में निकला समाधान
पोड़ी उपरोड़ा :- रानी अटारी विजय वेस्ट कोल खदान में लंबे समय से ठेका मजदूरों के साथ हो रहे अत्याचार और अनियमितताओं को लेकर आखिरकार मजदूरों का सब्र टूट गया। सरपंच संघ अध्यक्ष प्रताप मराबी और जनपद सदस्य संतोष मरावी के नेतृत्व में मजदूरों ने शनिवार को खदान के मुख्य द्वार पर धरना-प्रदर्शन करते हुए काम बंद कर दिया। लगभग 6 घंटे तक चले इस आंदोलन के बाद एसईसीएल (SECL) प्रबंधन हरकत में आया और मजदूरों की सभी प्रमुख मांगों को पूरा करने का आश्वासन दिया। प्रताप मराबी ने बताया कि मजदूरों के हितों को लेकर पिछले कई महीनों से प्रशासन और प्रबंधन को अवगत कराया जा रहा था, लेकिन कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई। मजबूर होकर आंदोलन का रास्ता अपनाना पड़ा। आंदोलन के दौरान क्षेत्र के कई ग्राम पंचायतों के सरपंच, पूर्व जनपद सदस्य और ग्रामीण भी बड़ी संख्या में मौजूद रहे।
बैठक के बाद हुई महत्वपूर्ण सहमति:
मजदूरों की मांगों पर SECL प्रबंधन और JMS Pvt. Ltd. ने कई महत्वपूर्ण बिंदुओं पर सहमति जताई
वेतन भुगतान: JMS Pvt. Ltd. के अधीन सभी ठेका मजदूरों को निर्धारित दर से वेतन सीधे उनके बैंक खातों में दिया जाएगा और भविष्य में भी यह प्रक्रिया सुनिश्चित रहेगी।
सुरक्षा व्यवस्था: खदान में Mines Act और रेगुलेशन के तहत सभी सुरक्षा प्रावधान लागू रहेंगे, बिना सुरक्षा के कोई कार्य नहीं होगा।
VTC अनिवार्यता: बिना VTC (Vocational Training Certificate) के किसी भी ठेका मजदूर से कार्य नहीं कराया जाएगा।
सुरक्षा किट वितरण: सभी मजदूरों को गमबूट, हेलमेट सहित सेफ़्टी किट दी जाएगी। मजदूरों की मांग पर गुड़, साबुन, और गमछा भी ठेकेदारों से उपलब्ध कराने का आग्रह किया गया।
डिप्लेरिंग से हुई पशु हानि पर मुआवजा: पशु मालिकों के आवेदन के 15 दिनों के भीतर सत्यापन कर कार्रवाई की जाएगी।
पेयजल व्यवस्था: प्रभावित क्षेत्रों, विशेषकर केंदई ग्राम में SECL द्वारा पेयजल की व्यवस्था की जाएगी।
कैंटीन मजदूरों का वेतन: JMS Pvt. Ltd. के कैंटीन कर्मियों के वेतन और अन्य समस्याओं के समाधान के लिए जल्द कार्यवाही की जाएगी।
साइन बोर्ड: वेज दर संबंधी साइन बोर्ड तत्काल लगाया जाएगा।
स्वास्थ्य सुविधा: रानी अटारी खदान परिसर में 24 घंटे एंबुलेंस व्यवस्था सुनिश्चित की गई है।
आंदोलन के बाद जनपद सदस्य संतोष मरावी व मजदूरों ने संतोष जताया और कहा कि यदि भविष्य में भी वादे पूरे नहीं हुए, तो वे पुनः बड़े आंदोलन के लिए तैयार हैं। वहीं, सरपंच संघ अध्यक्ष प्रताप मराबी ने कहा कि मजदूरों के हक की लड़ाई आगे भी जारी रहेगी, चाहे इसके लिए किसी भी स्तर तक जाना पड़े।


0 Comments