तानाखार सचिव पर मनमानी के आरोप, मंत्रीयों से पहुंच का रौब ग्रामीण व जनप्रतिनिधियों ने की स्थानांतरण की मांग, जांच मे भी अनुपस्थित रहे सचिव
पोड़ी-उपरोड़ा विकासखंड अंतर्गत ग्राम पंचायत तानाखार के सचिव मोहनचंद कौशिक एक बार फिर से विवादों में घिर गए हैं। ग्रामीणों और जनप्रतिनिधियों ने पंचायत मंत्री व उप मुख्यमंत्री से शिकायत कि है, आरोप है कि सचिव पंचायत में नियमित रूप से उपस्थित नहीं रहते, समय पर काम नहीं करते और अपनी ऊंची पहुंच का रौब दिखाते हैं। ग्रामीणों का कहना है कि सचिव की अनुपस्थिति से जन्म-मृत्यु प्रमाण पत्र, राशन कार्ड, जाति-निवास प्रमाण पत्र जैसे जरूरी कार्य ठप पड़े रहते हैं। सचिव का निवास कथरीमाल गांव में है, जो तानाखार से करीब 65 किमी दूर स्थित है। वे महीनेभर में सिर्फ कुछ दिन ही पंचायत पहुंचते हैं, जिसके कारण विकास कार्य ठप पड़े रहते हैं।
पहले भी लगे थे भ्रष्टाचार के आरोप, जांच के दौरान भी नहीं मिले सचिव
बताया जा रहा है कि मोहनचंद कौशिक पूर्व में जनपद पंचायत पाली के ग्राम पंचायत पोड़ी में लाखों रुपए के भ्रष्टाचार के आरोप में निलंबित भी हो चुके हैं। बहाल होने के बाद उनकी पोस्टिंग तानाखार में की गई, लेकिन यहां भी उनका रवैया सवालों के घेरे में है।....तानाखार पंचायत में शिकायतों की जांच के लिए 25 अगस्त को अधिकारी पहुंचे थे, लेकिन सचिव उपस्थित नहीं हुए। अधिकारियों को पूरा दिन इंतजार करना पड़ा। इस दौरान ग्रामीणों ने बताया कि सचिव अक्सर अपने ऊंचे राजनीतिक संपर्कों का हवाला देकर कहते हैं कि उनका कोई कुछ नहीं बिगाड़ सकता।
स्थानांतरण की मांग तेज
सरपंच और स्थानीय जनप्रतिनिधियों ने सचिव के मनमाने रवैये और लापरवाही को देखते हुए मांग की है कि मोहनचंद कौशिक का स्थानांतरण किसी अन्य पंचायत में किया जाए, ताकि तानाखार पंचायत के कार्य सुचारू रूप से हो सकें और ग्रामीणों को समय पर सेवाएं मिल सकें।

0 Comments