बांगो डेम मार्ग की दुर्दशा पर गोंडवाना गणतंत्र पार्टी का अल्टीमेटम, एक सप्ताह में सड़क सुधार नहीं तो होगा आंदोलन
पोंडी उपरोड़ा:- एनएच-130 से बांगो डेम तक जाने वाली सड़क की बदहाली अब ग्रामीणों के लिए बड़ी समस्या बन चुकी है। टूटी सड़क, गहरे गड्ढे और कीचड़ से भरे रास्ते के कारण आमजन को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। ग्राम पंचायत बांगो, एतमानगर, लालपुर और पाथा के सैकड़ों लोग इस मार्ग से प्रतिदिन आवागमन करते हैं, लेकिन लंबे समय से उपेक्षित यह मार्ग अब दुर्घटनाओं का कारण बनता जा रहा है।
ग्रामीणों का कहना है कि बरसात में हालात और बिगड़ जाते हैं। गड्ढों में पानी भरने से आए दिन हादसे की आशंका बनी रहती है और बीमार मरीजों को अस्पताल ले जाना तक कठिन हो जाता है। कई बार विभागीय अधिकारियों को सूचना दी गई, लेकिन सुधार कार्य अब तक शुरू नहीं हुआ।इसी समस्या को लेकर 15 सितंबर 2025 को गोंडवाना गणतंत्र पार्टी के जिलाध्यक्ष विदवान सिंह मरकाम (जिला पंचायत सदस्य कोरबा), सरपंच सहेत्तर सिंह राज (विधायक प्रतिनिधि), मनोहर सिंह श्रोते (विधायक प्रतिनिधि), सुरेंद्र कुमार पुहूप (विधायक प्रतिनिधि), जनपद सदस्य प्रतिनिधि दिनेश केराम, पिछड़ा वर्ग प्रकोष्ठ अध्यक्ष रविंद्र कुमार पटेल सहित पार्टी पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौके पर पहुंचे और सड़क का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने सड़क की दयनीय स्थिति देख कड़ी नाराजगी जताई।
इस दौरान पार्टी पदाधिकारियों ने साफ कहा कि यदि एक सप्ताह के भीतर मरम्मत कार्य प्रारंभ नहीं किया गया तो उग्र आंदोलन किया जाएगा। श्री मरकाम ने चेतावनी दी कि इसकी संपूर्ण जिम्मेदारी शासन-प्रशासन की होगी।ग्रामीणों ने भी पार्टी की इस चेतावनी का समर्थन करते हुए कहा कि उन्हें वर्षों से सिर्फ आश्वासन ही मिला है, अब वे सड़क पर उतरकर अपनी मांग मनवाने को तैयार हैं।

0 Comments