रजत महोत्सव: कोरबा में महतारी सम्मेलन का भव्य आयोजन, सरकार का उद्देश्य महिलाओ को आत्मनिर्भर बनाना। 

कोरबा :- छत्तीसगढ़ राज्य के 25 वर्ष पूर्ण होने पर रजत महोत्सव अंतर्गत महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा आज इंदिरा स्टेडियम, टी.पी. नगर, कोरबा में महतारी सम्मेलन का सफल आयोजन किया गया। कार्यक्रम में आंगनबाड़ी कार्यकर्ता और पर्यवेक्षकों ने पारंपरिक गीतों पर मनमोहक नृत्य प्रस्तुत किए।

मुख्य अतिथि के रूप में प्रदेश के वाणिज्य, उद्योग, श्रम एवं आबकारी मंत्री श्री लखन लाल देवांगन शामिल हुए। उन्होंने महिला सशक्तिकरण एवं बालिकाओं की उन्नति के लिए चलाई जा रही जनकल्याणकारी योजनाओं के स्टॉलों का अवलोकन किया और बाल विवाह निषेध की शपथ दिलाई। अपने संबोधन में श्री देवांगन ने कहा कि राज्य सरकार महिलाओं और बच्चों के विकास को सर्वोच्च प्राथमिकता दे रही है। उन्होंने कहा कि बेटियों को शिक्षा, सुरक्षा और सम्मान दिलाना तथा महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाना शासन का संकल्प है। साथ ही प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी द्वारा संचालित गरीब कल्याण योजनाओं का लाभ अधिक से अधिक लोगों तक पहुँचाने की अपील की।

सांसद श्रीमती ज्योत्सना महंत ने भी अपने उद्बोधन में कहा कि महिलाएँ हर क्षेत्र में आगे बढ़ रही हैं और आत्मनिर्भरता के साथ समाज की दिशा तय कर रही हैं।सम्मेलन में उल्लेखनीय कार्य करने वाली माताओं एवं बहनों को सम्मानित किया गया तथा जिले के मेधावी बच्चों को पुरस्कृत किया गया। इस अवसर पर महापौर श्रीमती संजू देवी राजपूत, पार्षद श्री नरेंद्र देवांगन सहित अनेक जनप्रतिनिधि, अधिकारी एवं बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे।

रजत महोत्सव में सुंदर पारम्परिक नृत्य प्रस्तुति 👇🏻👇🏻