गुरसिया–जटगा मार्ग पर जानलेवा गड्ढे, ग्रामीणों का फूटा गुस्सा – हादसों का अड्डा बनती जा रही सड़क
पोड़ी उपरोड़ा :- पोड़ी-उपरोड़ा विकासखंड अंतर्गत गुरसिया से जटगा मार्ग पर इन दिनों आवाजाही करना लोगों के लिए जोखिम भरा साबित हो रहा है। प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के तहत बनी यह सड़क अब बदहाली की मार झेल रही है। जगह-जगह बने गहरे गड्ढों ने केवल सड़क की खूबसूरती नहीं छीन ली है, बल्कि आमजनों के लिए हादसों का स्थायी कारण भी बन गए हैं अगर दुर्घटना में किसी कि मौत होती है तो भला इसकी जिम्मेदार कौन होगा ये बड़ा सवाल।
ग्रामीणों ने बताया कि मार्ग पर तीन से चार स्थानों पर इतने गहरे गड्ढे हो चुके हैं कि उनमें गिरते ही बाइक सवार गंभीर रूप से घायल हो जाते हैं। हाल ही में एक राहगीर इसी सड़क पर दुर्घटनाग्रस्त होकर गंभीर रूप से घायल हो गया। लोगों का कहना है कि यह कोई पहला मामला नहीं है, बल्कि हर दूसरे-तीसरे दिन छोटी-बड़ी दुर्घटनाएं घट रही हैं। सबसे बड़ी समस्या रात के समय सामने आती है। अंधेरे में गड्ढे दिखाई नहीं देते और वाहन चालक अनजाने में उसमें फंसकर गिर जाते हैं। इससे घायल भी होते हैं और कई बार वाहन क्षतिग्रस्त भी हो जाते हैं। ग्रामीणों ने बताया कि बरसात में यह स्थिति और भी भयावह हो जाती है क्योंकि गड्ढों में पानी भर जाने से खतरा कई गुना बढ़ जाता है। विभाग को जानकारी के बावजूद मरम्मत कार्य तो दूर, सड़क किनारे अस्थायी सुरक्षा संकेतक तक नहीं लगाए गए हैं। इससे स्पष्ट है कि प्रसासन व विभाग सड़क की बदहाली को लेकर गंभीर नहीं है। ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द ही सड़क की मरम्मत कर गड्ढों को नहीं भरा गया और सुरक्षा इंतजाम नहीं किए गए, तो वे आंदोलन का सहारा लेने को मजबूर होंगे। लोगों ने जिला व स्थानीय प्रशासन से यह भी मांग की है कि सड़क का जल्द से जल्द मरम्मत कि जाए ताकि कोई बड़ा हादसा ना हो सके।
देखें वीडियो 👇🏻

0 Comments