ग्राम तिलाडांड़ में बांगो पुलिस की दबिश, अवैध महुआ लहन नष्ट
कोरबा/ बांगो:- बांगो थाना पुलिस ने गुरुवार को ग्राम तिलाडांड़ में अवैध महुआ शराब बनाए जाने की सूचना पर कार्रवाई करते हुए दबिश दी। पुलिस को मौके पर बड़ी मात्रा में महुआ लहन बरामद हुआ, जिसे वहीं पर नष्ट कर दिया गया। जानकारी के अनुसार ग्रामीण क्षेत्र में अवैध शराब के उत्पादन व बिक्री की शिकायत लगातार मिल रही थी। इसी कड़ी में बांगो थाना प्रभारी दुर्गेश वर्मा के मार्गदर्शन व एएसआई गीलेटबिन कुमार के नेतृत्व में आरक्षक गजेंद्र, अशोक खरे और जेवन्ती ने ग्राम तिलाडांड़ में दबिश दी। पुलिस को वहां अवैध रूप से तैयार किया जा रहा महुआ लहन मिला, जिस पर तत्परता दिखाते हुए मौके पर नष्टीकरण की कार्रवाई की गई। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने आमजन को नशे से दूर रहने की अपील करते हुए समझाइश दी। अधिकारियों ने ग्रामीणों को बताया कि नशे की लत केवल व्यक्ति को शारीरिक और मानसिक रूप से नुकसान नहीं पहुंचाती है, बल्कि परिवार और समाज के विकास में भी बाधा बनती है। पुलिस ने लोगों से समाज में सकारात्मक माहौल बनाने और नशे के कारोबार से दूरी बनाए रखने का आह्वान किया। बांगो थाना प्रभारी ने स्पष्ट किया है कि अवैध शराब निर्माण व बिक्री पर पुलिस की लगातार नजर बनी हुई है और इस तरह की गतिविधियों में शामिल लोगों पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी। पुलिस की त्वरित कार्रवाई से ग्रामीणों में जागरूकता आई है और इलाके में अवैध शराब कारोबारियों में भी हड़कंप मचा हुआ है।

0 Comments