मूलभूत सुविधाओं से वंचित कटघोरा नगरवासी: भाजपाइयों ने SDM व CMO को सौंपा ज्ञापन, कहा – सरकार की छवि हो रही धूमिल
रिपोर्ट:- नानक राजपुत
कटघोरा :- नगर पालिका परिषद कटघोरा में वर्तमान परिषद के गठन को पाँच माह बीत चुके हैं, बावजूद इसके नगरवासी आज भी मूलभूत सुविधाओं से वंचित हैं। जल संकट, सफाई व्यवस्था की बदहाली, खराब प्रकाश व्यवस्था और अपूर्ण निर्माण कार्यों से जूझते नगरवासियों की पीड़ा अब जन आंदोलन का रूप लेने लगी है।
भारतीय जनता पार्टी के पार्षदों ने आज कटघोरा SDM व CMO को ज्ञापन सौंपते हुए नगर में व्याप्त अव्यवस्था, मनमानी व भ्रष्टाचार पर कड़ा एतराज़ जताया। ज्ञापन में बताया गया कि केन्द्र व राज्य सरकार द्वारा संचालित जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ आम जनता तक पहुँचाना नगर पालिका परिषद का दायित्व है, लेकिन नगर में विपरीत राजनीतिक विचारधारा के प्रभाव के कारण इन योजनाओं का क्रियान्वयन विफल हो रहा है। ज्ञापन में आरोप लगाया गया कि परिषद में अधिकारी वर्ग विशेष राजनीतिक दल से प्रभावित होकर कार्य कर रहा है, जिससे भाजपा पार्षदों के सवालों व आवश्यक सूचनाओं को नजरअंदाज किया जा रहा है। करोड़ों रुपये की लागत से हो रहे निर्माण कार्य गुणवत्ताविहीन और अधूरे हैं, जो भविष्य में अनुपयोगी सिद्ध होंगे तथा जनता को भारी नुकसान उठाना पड़ेगा।
भाजपा पार्षदों ने यह भी बताया कि सार्वजनिक हित में कार्यरत कर्मचारियों का निजी कार्यों में उपयोग किया जा रहा है, जबकि जनप्रतिनिधियों को जनता के लिए मजदूर तक उपलब्ध नहीं हो पाते। नगर में जल संकट विकराल रूप ले चुका है, सफाई व्यवस्था चरमरा चुकी है और प्रकाश व्यवस्था जर्जर अवस्था में है। शासन के अनुदान से किए जा रहे कार्यों की गुणवत्ता की स्थिति भी चिंताजनक है। ज्ञापन के माध्यम से भाजपा पार्षदों ने चेतावनी दी है कि यदि शीघ्र ही नगर की समस्याओं का समाधान नहीं किया गया और शासन की योजनाओं को पारदर्शिता व गंभीरता से लागू नहीं किया गया, तो वे आमजनता के साथ जन आंदोलन के लिए बाध्य होंगे।

0 Comments