पानी बचाने की ओर एक महत्वपूर्ण कदम: जनपद पंचायत पोंडीउपरोड़ा द्वारा "मोर गाँव मोर पानी" अभियान के तहत जागरूकता प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित
पोड़ी उपरोड़ा :- जल संरक्षण और जल समवर्धन की दिशा में जनपद पंचायत पोंडीउपरोड़ा के अंतर्गत आने वाले कलस्टर क्षेत्र में "मोर गाँव मोर पानी" अभियान के तहत एक विशेष प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम 03 जून 2025 को आयोजित हुआ, जिसमें ग्राम पंचायत के सरपंच, सचिव, रोजगार सहायक, मेट, पंचगण, तथा NRLM (राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन) की टीम ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
प्रशिक्षण कार्यक्रम के दौरान उपस्थित जनप्रतिनिधियों और ग्राम स्तरीय अधिकारियों को प्रोजेक्टर के माध्यम से वीडियो दिखाकर जल संरक्षण के महत्व को समझाया गया। वीडियो प्रस्तुति के माध्यम से यह संदेश दिया गया कि किस प्रकार जल संकट भविष्य की एक बड़ी चुनौती बन सकता है और हमें आज से ही पानी बचाने की दिशा में गंभीर प्रयास करने होंगे।
प्रशिक्षण के उपरांत सभी प्रतिभागियों को जल संरक्षण और जल समवर्धन की शपथ दिलाई गई। यह शपथ न केवल व्यक्तिगत बल्कि सामूहिक जिम्मेदारी के रूप में ली गई, जिसमें सभी ने संकल्प लिया कि वे अपने-अपने गाँवों में जल स्रोतों की रक्षा करेंगे, वर्षा जल संचयन को बढ़ावा देंगे और जल के अपव्यय को रोकेंगे। इस अवसर पर जनपद पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी (CEO) एवं मनरेगा अधिकारी भी विशेष रूप से उपस्थित रहे। उन्होंने प्रशिक्षण में भाग ले रहे प्रतिभागियों को संबोधित करते हुए कहा कि "पानी की एक-एक बूँद कीमती है। यदि आज हम सचेत नहीं हुए तो आने वाली पीढ़ियाँ गंभीर जल संकट का सामना करेंगी। इसलिए जरूरी है कि हम सब मिलकर जल संरक्षण को जन-आंदोलन बनाएँ।"
कार्यक्रम के अंत में सभी ग्राम पंचायतों को निर्देशित किया गया कि वे अपने-अपने गाँवों में रैली, जनजागरूकता कार्यक्रम और प्रचार-प्रसार के माध्यम से पानी बचाने का संदेश आम जन तक पहुँचाएँ। इस हेतु ग्राम स्तरीय समितियों को सक्रिय भूमिका निभाने और समुदाय को साथ लेकर योजनाबद्ध गतिविधियाँ संचालित करने की अपील की गई।
"मोर गाँव मोर पानी" अभियान ग्राम स्तर पर जल संरक्षण की संस्कृति को बढ़ावा देने और स्थायी जल संसाधन प्रबंधन सुनिश्चित करने की दिशा में एक सकारात्मक पहल बनता जा रहा है।

0 Comments