प्रशासन पहुँचा तिलधरा पंचायत: पंडो परिवार के बच्चों को लगे टीके, मिला रेडी-टू-ईट; समाज में जगी उम्मीद की किरण
पोड़ी उपरोड़ा :- पोड़ी उपरोड़ा विकासखंड अंतर्गत ग्राम मानिकपुर (तीनधरा पंचायत) में उस समय खुशी की लहर दौड़ गई जब प्रशासन की टीम वहाँ पहुँची और पंडो समाज के बच्चों को टीकाकरण कर रेडी-टू-ईट का वितरण किया। भीषण जंगलों में बसे इस क्षेत्र में पहली बार शासन की सीधी उपस्थिति ने इस समाज में नई उम्मीद जगा दी।
यहाँ की स्थिति बेहद चिंताजनक रही है। आज़ादी के इतने वर्षों बाद भी यह गाँव बुनियादी सुविधाओं से वंचित रहा है। यहां अब तक एक भी सरकारी आंगनबाड़ी नहीं बनी, जबकि गाँव में लगभग 30 छोटे बच्चे हैं। लेकिन पंडो समाज ने हार नहीं मानी—उन्होंने लकड़ी, घास, पत्तों और फूस से एक अस्थायी झोपड़ी बनाकर उसमें बच्चों को पढ़ाना और खेलाना शुरू कर दिया। यह झोपड़ी ही अब इन बच्चों की "प्राकृतिक आंगनबाड़ी" बन चुकी है। पंडो ने बताया कि प्रशासन ने लंबे समय तक न तो आंगनबाड़ी की सुविधा दी और न ही बच्चों को टीकाकरण जैसी आवश्यक स्वास्थ्य सेवा। कई बच्चों को आज तक एक भी टीका नहीं लग पाया था। बच्चों के जन्म प्रमाण पत्र बनवाने में भी उन्हें तमाम मुश्किलों का सामना करना पड़ता था।
जब इस पूरे मुद्दे को हमने प्रमुखता से उठाया, फिर यह कोरबा कलेक्टर अजीत वसंत के संज्ञान में आया। इसके बाद SDM पोड़ी उपरोड़ा श्री भरद्वाज के निर्देश पर स्वास्थ्य विभाग एवं महिला एवं बाल विकास की संयुक्त टीम तिलधरा पहुँची। वहाँ के दृश्य देखकर अधिकारी चकित रह गए—पंडो समाज ने प्राकृतिक संसाधनों के बीच अपने बच्चों के लिए जो कुछ बनाया था, वह उनकी शिक्षा और भविष्य के प्रति उनकी गंभीरता को दर्शाता है।
स्वास्थ्य विभाग ने केवल सभी बच्चों का स्वास्थ्य परीक्षण नहीं किया, बल्कि उनका टीकाकरण भी किया गया। साथ ही रेडी-टू-ईट फूड का वितरण कर महिलाओ व बच्चों के पोषण की ओर भी कदम बढ़ाया गया
SDM श्री भरद्वाज ने बताया कि शासन द्वारा पंडो समाज के लिए कई योजनाएँ चलाई जा रही हैं, लेकिन उन्हें इनसे जोड़ना प्रशासन और समाज दोनों की जिम्मेदारी है। उन्होंने आश्वासन दिया कि जल्द ही इस क्षेत्र में स्थायी आंगनबाड़ी भवन का निर्माण और सड़क जैसी मूलभूत सुविधाओं का कार्य प्रारंभ किया जाएगा। इस पहल से पंडो समाज में आशा की एक नई किरण जगी है। समाज के लोगों ने इस प्रयास के लिए प्रशासन का आभार जताया और उम्मीद जताई कि भविष्य में भी उनकी समस्याओं को इसी तरह प्राथमिकता दी जाएगी।
.jpg)

0 Comments