बाढ़ क्षेत्र से परिसम्पत्तियां हटाने की सूचना जारी, मिनीमाता बांगो बांध जल संसाधन विभाग ने किया हाई अलर्ट घोषित
रिपोर्ट:- नानक राजपुत
कोरबा:- वर्षा ऋतु के आगमन के साथ ही कोरबा जिले में स्थित मिनीमाता बांगो बांध को लेकर जल संसाधन विभाग ने उच्च स्तर की सतर्कता बरतनी शुरू कर दी है। संभावित जल स्तर वृद्धि को देखते हुए विभाग द्वारा हाई अलर्ट जारी किया गया है और बाढ़ संभावित क्षेत्रों में रहने वाले नागरिकों, खनिज खदान संचालकों, औद्योगिक इकाइयों एवं संस्थानों को विशेष सतर्कता बरतने की अपील की गई है।
जल संसाधन विभाग के कार्यपालन अभियंता, मिनीमाता बांगो बांध संभाग क्र. 3 माचाडोली द्वारा जारी अधिसूचना में स्पष्ट किया गया है कि वर्षाकाल 2025 के दौरान आवश्यकता पड़ने पर मिनीमाता बांगो बांध, माचाडोली एवं हसदेव बैराज, दर्री से पानी छोड़ा जाएगा। ऐसे में हसदेव नदी के किनारे और संभावित बाढ़ क्षेत्र में स्थित सभी चल-अचल परिसम्पत्तियों को तत्काल सुरक्षित स्थानों पर स्थानांतरित करने के निर्देश दिए गए हैं।
जल संसाधन विभाग नहीं होगा क्षति के लिए जिम्मेदार। गांवों में करवाई जाएगी मुनादी
विभाग ने यह भी स्पष्ट कर दिया है कि अचानक उत्पन्न बाढ़ की स्थिति में किसी भी प्रकार की जन-धन की हानि के लिए विभाग उत्तरदायी नहीं होगा। इसलिए समय रहते सभी संबंधितों को अपनी सुरक्षा सुनिश्चित करनी होगी। बाढ़ की चेतावनी को गंभीरता से लेते हुए विभाग द्वारा संबंधित बाढ़ चेतावनी प्रबंध संभागों को निर्देशित किया गया है कि वे संभावित प्रभावित गांवों में मुनादी करवाएं, ताकि आम जनता को समय रहते सूचित किया जा सके और किसी प्रकार की जान-माल की हानि न हो। कार्यपालन अभियंता ने जिन गांवों को संभावित बाढ़ क्षेत्र में चिन्हित किया है, उनमें बांगो, चर्रा, पोड़ीउपरोड़ा, कोनकोना, लेपरा, टुनियाकछार, पाथा, गाड़ाघाट, छिनमेर, कछार, कल्मीपारा, सिलयारीपारा, जुनापारा, तिलाईडांड, डुगुपारा, टुंगुमाड़ा, छिर्रापारा, मछलीबाटा, कोरियाघाट, धनगांव, डोंगाघाट, नरमदा, औराकछार, सोनगुड़ा, जेल गांव, झाबू, नवांगांव, तिलसाभाटा, लोतलोता, स्याहीमुड़ी, कोडा, हथमार, झोरा, सिरकीकला आदि प्रमुख हैं।
विभाग ने नागरिकों से अपील की है कि वे अफवाहों पर ध्यान न दें और केवल अधिकृत सूत्रों से प्राप्त जानकारी पर ही भरोसा करें। साथ ही, सभी पंचायतें, जनप्रतिनिधि, स्थानीय प्रशासन एवं आपदा प्रबंधन टीम को निर्देशित किया गया है कि वे अपने-अपने क्षेत्रों में आवश्यक तैयारियां पूर्ण करें और आम जनता को सहयोग प्रदान करें। जल संसाधन विभाग की यह चेतावनी एक पूर्व सतर्कता उपाय है, जिससे संभावित आपदा की स्थिति में जन-धन की हानि को न्यूनतम किया जा सके। नागरिकों से अनुरोध है कि वे निर्देशों का पालन करें और किसी भी आपातकालीन स्थिति में संबंधित अधिकारियों से संपर्क करें।

0 Comments