एन.एच.ए.आई की लापरवाही से बड़ा हादसा टला, बाल-बाल बचा परिवार, मृत मवेशी से टकराई कार, ग्रामीणों की सतर्कता से टली जानलेवा दुर्घटना।
कटघोरा:- बीती रात राष्ट्रीय राजमार्ग 130 पर एक गंभीर लापरवाही सामने आई, जब कटघोरा निवासी एक परिवार की कार सड़क पर पड़े मृत मवेशी से टकरा गई। गनीमत रही कि वाहन की गति सीमित थी, अन्यथा यह हादसा एक बड़ी त्रासदी में बदल सकता था। जानकारी के अनुसार, कटघोरा के ढेलवाडीह निवासी मुकेश सिंह अपने पिता और छोटे भाई के साथ बिलासपुर से विवाह समारोह में शामिल होकर लौट रहे थे। रात लगभग 10 बजे उनकी कार गतौरी ग्राम स्थित सीमा फ्यूल्स के पास हाईवे के डिवाइडर समीप पड़े एक मृत मवेशी से जा टकराई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार के परखच्चे उड़ गए, लेकिन सौभाग्यवश सभी लोग सुरक्षित रहे। मुकेश के छोटे भाई को मामूली चोटें आई हैं।
घटनास्थल ‘ब्लैक स्पॉट’ के रूप में चिन्हित है, और हैरानी की बात यह है कि उक्त मवेशी सुबह से ही सड़क पर पड़ा था, बावजूद इसके एन.एच.ए.आई की पेट्रोलिंग टीम ने कोई कार्रवाई नहीं की। हादसे के करीब एक घंटे बाद टीम मौके पर पहुंची और मृत मवेशी को हटाने का कार्य शुरू किया।
प्रत्यक्षदर्शी ग्रामीणों ने तत्काल 112 नंबर पर सूचना दी और वाहन को सड़क से किनारे हटाया। ग्रामीणों ने एन.एच.ए.आई की पेट्रोलिंग व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए कहा कि जब दो-दो टोल प्लाजा से वसूली की जा रही है, तो सड़क की सुरक्षा और साफ-सफाई में इतनी लापरवाही क्यों? स्थानीय लोगों का आरोप है कि यह केवल लापरवाही नहीं बल्कि आम जनों की जान के साथ खिलवाड़ है। पेट्रोलिंग कर्मियों से पूछताछ पर केवल बहानेबाज़ी देखने को मिली। यह घटना एन.एच.ए.आई की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़ा करती है और आवारा पशुओं की समस्या पर ठोस नीति की आवश्यकता को उजागर करती है।


0 Comments