भालू और जंगली सूअर के हमले से दहशत, ग्रामीणों ने सुरक्षा की मांग की, भालू के हमले से महिला घायल।
कोरबा, बालको थाना क्षेत्र:- कोरबा जिले के बालको थाना क्षेत्र के ग्राम पंचायत बेला के टापरा गांव में रविवार को एक दर्दनाक घटना सामने आई, जब तेंदूपत्ता तोड़ने जंगल गई एक वृद्ध महिला पर भालू ने हमला कर दिया। 65 वर्षीय चंद्रमती राठिया को हमले में गंभीर चोटें आई हैं, विशेष रूप से उनका बायां हाथ बुरी तरह घायल हो गया है।
घटना की जानकारी मिलते ही डायल 112 की कोबरा-01 टीम ने मौके पर पहुंचकर घायल महिला को जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां उनका इलाज जारी है। चंद्रमती ने बताया कि वह वर्षों से तेंदूपत्ता तोड़ने जाती रही हैं, लेकिन ऐसा खतरनाक मंजर पहली बार देखा।
इससे एक दिन पहले शनिवार को भी इसी क्षेत्र के गुरसिया बीट के नेटीभैसा जंगल में तेंदूपत्ता तोड़ने गए तीन ग्रामीणों पर जंगली सूअर ने हमला कर दिया था। इस हमले में 18 वर्षीय सुहानी, 42 वर्षीय पवारो बाई और 80 वर्षीय गंभीर साय घायल हो गए थे। लगातार हो रही इन घटनाओं से ग्रामीणों में दहशत का माहौल है। ग्रामीणों ने वन विभाग से मांग की है कि तेंदूपत्ता सीजन के दौरान जंगलों में गश्त बढ़ाई जाए और सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए जाएं। उनका आरोप है कि हर साल इस सीजन में सैकड़ों ग्रामीण जंगलों में जाते हैं, लेकिन सुरक्षा के पर्याप्त प्रबंध नहीं किए जाते, जिससे उनकी जान जोखिम में पड़ रही है।
ग्रामीणों की यह मांग अब तेज होती जा रही है और सभी की निगाहें अब वन विभाग की अगली कार्रवाई पर टिकी हैं।

0 Comments