बांकी मोंगरा में विपक्षी पार्षदों पर एफआईआर के विरोध में कांग्रेस का विरोध प्रदर्शन और जांच की मांग: मनोज चौहान, हरीश परसाई, टिकाराम ने दी कड़ी चेतावनी।
बांकी मोंगरा क्षेत्र में नगर पालिका परिषद के कार्यों में अनियमितता, लापरवाही और मनमानी के खिलाफ आवाज़ उठाना विपक्षी पार्षदों को भारी पड़ गया है। जनहित के मुद्दों को लेकर नगर पालिका के सीएमओ से मुलाकात करने गए विपक्षी पार्षदों पर एफआईआर दर्ज किए जाने को लेकर कांग्रेस पार्टी में आक्रोश व्याप्त है। इसी क्रम में कांग्रेस के प्रदेश संयुक्त महासचिव हरीश परसाई, ज़िलाध्यक्ष मनोज चौहान और ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष टीकाराम मनहर ने संयुक्त रूप से प्रेस विज्ञप्ति जारी कर पूरे घटनाक्रम की निंदा की है।
प्रेस बयान में बताया गया कि विपक्ष के नेता मधुसूदन दास के नेतृत्व में समस्त विपक्षी पार्षद जनहित की मांगों को लेकर नगर पालिका परिषद के मुख्य नगरपालिका अधिकारी (सीएमओ) से मिलने गए थे। पूर्व में भी इन मुद्दों को लेकर पार्षदों द्वारा पत्राचार के माध्यम से कई बार सीएमओ को सूचित किया गया था, किन्तु इन पत्रों पर कोई संतोषजनक उत्तर नहीं दिया गया। सीएमओ का यह गैर-जिम्मेदाराना रवैया स्थानीय जनता की समस्याओं की अनदेखी करता है। जिला अध्यक्ष मनोज चौहान ने कहा कि विपक्षी पार्षदों का जनहित के मसले उठाना सीएमओ को नागवार गुज़रा और उन्होंने लोकतांत्रिक प्रक्रिया को कुचलते हुए पार्षद मधुसूदन दास, तेज प्रताप सिंह, संदीप दहरिया, शब्बीर ख़ान और सुनीता मीरी के खिलाफ पुलिस में अपराध दर्ज करवा दिया। यह कार्यवाही पूर्णतः अन्यायपूर्ण, अलोकतांत्रिक और दमनकारी है, जिसे कांग्रेस पार्टी किसी भी रूप में स्वीकार नहीं करेगी। कांग्रेस नेताओं ने यह भी स्पष्ट किया कि सभी विपक्षी पार्षद अपने-अपने वार्डों में विकास कार्यों को लेकर पूरी तरह संकल्पित हैं और जनता की समस्याओं को उचित मंचों पर उठाते रहे हैं। ऐसे में उनके ऊपर एफआईआर दर्ज करना प्रशासन की तानाशाही और लोकतांत्रिक अधिकारों का हनन है।
प्रदेश और जिला कांग्रेस ने इस मामले की कड़ी निंदा करते हुए प्रशासन की नीयत पर सवाल उठाए हैं और मांग की है कि इस पूरे प्रकरण की उच्चस्तरीय निष्पक्ष जांच करवाई जाए। साथ ही एफआईआर को तत्काल प्रभाव से निरस्त कर संबंधित अधिकारियों के खिलाफ अनुशासनात्मक कार्यवाही की जाए।कांग्रेस कमेटी ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द ही इस मामले में उचित कार्रवाई नहीं की गई, तो पार्टी सड़कों पर उतरकर लोकतांत्रिक तरीके से आंदोलन करेगी और जनता के अधिकारों की रक्षा के लिए हरसंभव कदम उठाएगी।

0 Comments