धान के बारदाने अल्टा पलटी हमाली के पैसे वापस दिलाने के संबंध में पसान एवं लैगा क्षेत्र के किसानों ने किया कलेक्टर कोरबा से शिकायत
पसान क्षेत्र के किसानों ने धान खरीदी के दौरान जबरन की गई राशि वसूली को लेकर कलेक्टर कोरबा के समक्ष शिकायत दर्ज कराई है। किसानों का आरोप है कि आदिवासी सेवा सहकारी समिति पसान के प्रबंधक प्रदीप एवं स्टाफ द्वारा धान खरीदी के दौरान "अलटा पलटी" और "हमाली" के नाम पर प्रति बोरी ₹10 की अवैध वसूली की जा रही थी। किसानों को यह विश्वास दिलाया गया था कि यह राशि बाद में उन्हें वापस कर दी जाएगी, लेकिन अब तक किसी भी किसान को उनका पैसा नहीं लौटाया गया है।
किसानों का आरोप है की :- यह वसूली हर साल की जाती है और प्रत्येक बार यह कहकर किसानों को आश्वासन दिया जाता है कि हमाली के लिए मिलने वाले सरकारी पैसे से यह राशि वापस कर दी जाएगी। लेकिन अब तक ऐसा नहीं हुआ है। इस बार, जब किसानों को एहसास हुआ कि उनके साथ लगातार धोखाधड़ी हो रही है, तो उन्होंने संगठित होकर कलेक्टर जनदर्शन में शिकायत करने का निर्णय लिया।
इस वर्ष लगभग 70,000 क्विंटल धान की खरीदी की गई है, और प्रति बोरी ₹10 की दर से यह राशि लगभग 21 लाख रुपये तक पहुंचती है। यदि पिछले वर्षों की वसूली को जोड़ा जाए, तो यह रकम करोड़ों रुपये तक हो सकती है। किसानों का कहना है कि यह एक सुनियोजित षड्यंत्र है, जिसमें प्रबंधक और उनकी टीम ने किसानों के साथ धोखाधड़ी की है।
किसानों की मांग: किसानों ने कलेक्टर और उपपंजीयक सहकारी संस्था कोरबा से मांग की है कि उनकी वसूली गई रकम तुरंत उनके बैंक खातों में लौटाई जाए। वही भविष्य में इस प्रकार की किसी भी तरह की अवैध वसूली को पूरी तरह से रोकने के लिए सख्त कदम उठाए जाएं।

0 Comments