राखड़ ढोते वाहनों से सड़कें धूलमय, प्रशासन कर रहा अनदेखी, युवा कांग्रेस ने उठाई आवाज, पर्यावरण नियमों की उड़ रही धज्जियां।
कोरबा/पोड़ी उपरोड़ा :- एनटीपीसी धनरास खदान से कटघोरा, पोड़ी-उपरोड़ा, गुरसिया, चोटिया होते हुए अंबिकापुर मुख्य मार्ग (नेशनल हाईवे-130) पर बीते कई दिनों से भारी मात्रा में राखड़ का परिवहन किया जा रहा है। इस परिवहन के कारण पूरे मार्ग पर राखड़ की परत जम गई है, जिससे हवा में धूल का गुबार छाया रहता है। सबसे ज्यादा परेशानी दोपहिया वाहन चालकों और राहगीरों को हो रही है, जिन्हें धूल की वजह से सड़क तक नहीं दिखती। इससे दुर्घटना की संभावना हमेशा बनी रहती है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि उड़ती राखड़ की वजह से सांस, एलर्जी, और स्किन संबंधी बीमारियों का खतरा बढ़ गया है। सड़क किनारे रहने वाले और छोटे होटल व ठेला संचालक खासे परेशान हैं। होटल संचालकों का कहना है कि धूल की वजह से नाश्ता तक साफ नहीं बचता लोग प्रदूषित नास्ता खाने को मजबूर हैं।इस गंभीर स्थिति को देखते हुए युवा कांग्रेस (पाली-तानाखार विधानसभा) अध्यक्ष अंकित पाल, ब्लाक अध्यक्ष सूरज यादव ने राखड़ परिवहन पर तत्काल रोक लगाने की मांग की है। संगठन ने चेतावनी दी है कि यदि तीन दिनों के भीतर इस पर प्रतिबंध नहीं लगाया गया तो वे नेशनल हाईवे 130 को जाम कर उग्र प्रदर्शन करेंगे। युवा कांग्रेस नेताओं का आरोप है कि यह सब प्रशासन की अनदेखी और पर्यावरण विभाग की निष्क्रियता का नतीजा है। उन्होंने दावा किया कि ट्रांसपोर्टरों और संबंधित विभागों के अधिकारियों की मिलीभगत से नियमों को ताक पर रखकर राखड़ का ओवरलोड और ढक्कन विहीन परिवहन हो रहा है। जगह-जगह सड़कों पर राखड़ का डस्ट जमा है, जो पर्यावरण और जनस्वास्थ्य के लिए खतरा बनता जा रहा है। स्थानीय लोगों का कहना है कि अगर जल्द कार्रवाई नहीं हुई, तो उन्हें मजबूरन सड़क पर उतरकर विरोध करना पड़ेगा।


0 Comments