श्री दुर्गेश वर्मा थाना प्रभारी बांगो व पुलिस स्टॉफ ने स्वामी आत्मानंद विद्यालय में बच्चों को किया जागरूक,
पोड़ी उपरोड़ा :- स्वामी आत्मानंद विद्यालय में आज 14 अगस्त दिन गुरुवार को थाना प्रभारी दुर्गेश वर्मा ने पुलिस स्टाफ के साथ पहुंचकर विद्यार्थियों को जागरूक किया। उन्होंने बच्चों से कहा कि अच्छी पढ़ाई के साथ-साथ अच्छा चरित्र रखना भी आवश्यक है। अक्सर अपराध जैसी घटनाएं नादानी में हो जाती हैं, इसलिए बच्चों को चाहिए कि वे सही संगति में रहें और बुरे लोगों से दूरी बनाए रखें।
थाना प्रभारी ने कहा कि समाज में कई प्रकार के लोग होते हैं, उन्हें पहचानना सीखना चाहिए। आजकल नशे की लत युवाओं के भविष्य को बिगाड़ रही है, इसलिए विद्यार्थी केवल पढ़ाई पर ध्यान दें, ज्यादा फिल्में न देखें और फिल्मों के पात्रों के गलत व्यवहार को अपनाने से बचें। गुरुजन जो मार्गदर्शन दें, उसका पालन करना चाहिए। यातायात के प्रति जागरूक करते हुए उन्होंने कहा कि स्कूल आने-जाने के लिए बच्चे बाइक या स्कूटी का प्रयोग न करें, बल्कि साइकिल का उपयोग करें। उन्होंने बच्चों से यातायात नियमों का पालन करने की भी अपील की। विद्यालय प्रबंधन ने थाना प्रभारी और पुलिस टीम की इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे कार्यक्रम निश्चित रूप से बच्चों में सकारात्मक विचार और अनुशासन की भावना विकसित करेंगे। अंत मे सभी ने नशे का सेवन नहीं करने, बुराइयों से बचने व यातायात नियमों का पालन करने का संकल्प लिया, इस अवसर पर बांगो पुलिस स्टाफ, विद्यालय के प्राचार्य, शिक्षक-शिक्षिकाएं तथा छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।


0 Comments