रेलवे लाइन पर काम कर रहे झारखंड के मजदूर का शव 24 घंटे बाद मिला, प्रशासन ने तत्काल सहायता राशि दिलाई
कटघोरा थाना क्षेत्र के कोरबी में एक दर्दनाक हादसा सामने आया, जहाँ रेलवे लाइन निर्माण कार्य के दौरान झारखंड निवासी मजदूर उदय कुमार बह गया था। यह घटना पूरे क्षेत्र में चिंता और शोक का कारण बन गई।
घटना के बाद से लगातार कटघोरा पुलिस प्रशासन, राजस्व अमला और स्थानीय लोगों द्वारा खोजबीन की जा रही थी, लेकिन कोई सफलता नहीं मिलने पर SDRF की टीम को मौके पर बुलाया गया। SDRF की टीम ने मौके पर पहुंचकर खोजबीन तेज की और अंततः पुलिस कि मदद से घटना स्थल से करीब 100 मीटर दूर मजदूर का शव बरामद किया गया। उदय कुमार, झारखंड के पलामू जिले का निवासी था और रेलवे प्रोजेक्ट में ठेकेदार के अधीन कार्यरत था। घटना की सूचना मिलते ही प्रशासन सक्रिय हुआ और राजस्व एवं आपदा प्रबंधन विभाग के अधिकारियों ने रेलवे ठेकेदार से समन्वय स्थापित करते हुए तत्काल सहायता राशि ₹2,00,000 पीड़ित परिजन को दिलवाई।
वहीं, प्रशासन द्वारा परिजनों को आश्वस्त किया गया कि न्यायिक प्रक्रिया पूर्ण होने के पश्चात शासन से मिलने वाली अनुग्रह राशि भी उपलब्ध कराई जाएगी। पोड़ी उपरोड़ा प्रशासन ने मानवीय पहल करते हुए शव को झारखंड स्थित परिजन के गांव तक ले जाने के लिए वाहन की व्यवस्था भी की।

0 Comments