कटघोरा ब्लाक मेँ धरती आबा ग्राम उत्कर्ष अभियान के तहत खैरभवना में लाभ संतृप्ति शिविर का आयोजन जनजातीय वर्ग के लिए सरकारी योजनाओं का लाभ सुनिश्चित करने पर दिया गया जोर
कटघोरा:- जनपद पंचायत कटघोरा के अंतर्गत ग्राम खैरभवना में धरती आबा ग्राम उत्कर्ष अभियान के तहत एक दिवसीय जागरूकता एवं लाभ संतृप्ति शिविर का आयोजन किया गया। इस शिविर का उद्देश्य जनजातीय समुदाय के वंचित परिवारों तक शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का पूर्ण लाभ पहुंचाना रहा।
कार्यक्रम की शुरुआत जननायक बिरसा मुंडा जी की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर की गई। इस अवसर पर ग्राम पंचायत खैरभवना के सरपंच, उपसरपंच सहित कई जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे। शिविर में सभी विभागों के प्रतिनिधियों की सक्रिय सहभागिता रही। स्वास्थ्य विभाग द्वारा ग्रामीणों के लिए नि:शुल्क स्वास्थ्य परीक्षण शिविर का आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में लोगों ने स्वास्थ्य जांच करवाई। कटघोरा जनपद कर अतिरिक्त मुख्य कार्यपालन अधिकारी खगेस कुमार निर्मलकर द्वारा शिविर की महत्ता पर प्रकाश डालते हुए ग्रामीणों को बताया गया कि सरकार की मंशा है कि कोई भी पात्र व्यक्ति योजनाओं से वंचित न रहे। शिविर में राशन कार्ड, पेंशन योजनाएं, आयुष्मान भारत योजना, वन अधिकार अधिनियम, जाति प्रमाण पत्र तथा सिकल सेल परीक्षण सहित कई योजनाओं की जानकारी दी गई। मौके पर ही इन योजनाओं से संबंधित आवेदन फॉर्म भरे गए और उपस्थित विभागों को त्वरित समाधान के निर्देश दिए गए।
श्री निर्मलकर ने बताया कि शिविर का मूल उद्देश्य विशेष रूप से जनजातीय वर्ग को योजनाओं के प्रति जागरूक करना और उन्हें पात्रता के अनुसार लाभ प्रदान करना है। सभी विभागों को निर्देशित किया गया कि वे शिविर में प्राप्त आवेदनों का प्राथमिकता के आधार पर त्वरित निराकरण सुनिश्चित करें। ग्रामीणों ने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे शिविरों से उन्हें योजनाओं की जानकारी के साथ-साथ सरकारी प्रक्रियाओं को समझने में भी मदद मिलती है। आयोजन को सफल बनाने में जनपद पंचायत कटघोरा, ग्राम पंचायत खैरभवना सरपंच एवं समस्त विभागीय कर्मचारियों की सराहनीय भूमिका रही। इस अवसर पर स्थानीय जनप्रतिनिधियों के साथ-साथ बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।
.jpg)

0 Comments