मोटीयारी लालपुर से अवैध पत्थर उत्खनन करते ट्रैक्टर ट्रॉली सहित पकड़े गए आरोपी, वन विभाग की त्वरित कार्रवाई
कोरबा/ पोड़ी उपरोड़ा :- कटघोरा वन मंडल के केंदइ वन परिक्षेत्र अंतर्गत मोटियारी आमा (लालपुर) क्षेत्र में अवैध रूप से पत्थर उत्खनन करते हुए एक ट्रैक्टर ट्रॉली को वन विभाग की टीम ने मौके पर पकड़ लिया। घटना 9 जून को घटित हुई, जब वाहन चालक गुलाबसिंह व बुधराम जाति गोड़, ग्राम लालपुर निवासी, वाहन मालिक तीरथ प्रसाद व शिवप्रसाद गुर्जर के निर्देश पर पत्थर भराई का कार्य कर रहे थे। वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और पत्थर उत्खनन से संबंधित दस्तावेज प्रस्तुत करने को कहा, जिसे चालक प्रस्तुत नहीं कर सका। तत्पश्चात, वन अधिनियम 1927 की धारा 33(1)(ख) एवं छत्तीसगढ़ वनोपज अभिवहन नियम 2001 के नियम-2 के तहत प्रकरण क्रमांक 612/04 दिनांक 09/06/2025 दर्ज कर ट्रैक्टर ट्रॉली सहित लगभग 2.000 घन मीटर पत्थर जब्त किया गया।
जब्त की गई सामग्री को तत्काल प्रभाव से सुरक्षित रूप से वन आवासीय परिसर मोरगा में रखा गया है। इस कार्रवाई में मुख्य वनकर्मी प्रहलाद सिदार, पंकज खेरवार, अशोक श्रीवास, रामप्रताप कुशवाहा, गंगाराम नेताम, प्रीतम पुराईन एवं सुनील कुमार डिक्सेना की अहम भूमिका रही। वन विभाग द्वारा इस प्रकार की अवैध गतिविधियों पर सख्त कार्रवाई करते हुए लगातार निगरानी रखी जा रही है। आमजन से अपील की गई है कि वे किसी भी प्रकार के वन अपराध की सूचना तुरंत वन विभाग को दें, जिससे जंगलों की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।

0 Comments