सुशासन तिहार की अन्तिम दिन: मुख्यमंत्री विष्णु देव साय की पहल पर आमजन की समस्याएं हो रही दर्ज, पोड़ी उपरोड़ा सहित सभी पंचायतों में उत्साह, ग्रामीणों में दिखा भरपूर सहयोग
जनपद सीईओ पोड़ी उपरोड़ा जय प्रकाश डडसेना ने बताया की छत्तीसगढ़ सरकार मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में प्रदेशव्यापी "सुशासन तिहार" का आयोजन किया जा रहा है, जिसका उद्देश्य आम जनता की समस्याओं का समाधान सुनिश्चित करना और सरकारी योजनाओं का लाभ पात्र लोगों तक पहुँचाना है। यह आयोजन पूरे राज्य में 8 अप्रैल से 11 अप्रैल 2025 तक चल रहा है, जिसमें हर ग्राम पंचायत को सक्रिय रूप से शामिल किया गया है। इस तिहार के अंतर्गत प्रत्येक पंचायत में लिखित आवेदन प्राप्त करने की व्यवस्था की गई है, जहाँ ग्रामीण अपनी समस्याएं एवं मांगें गुप्त पेटियों में डालकर अधिकारियों तक पहुँचा रहे हैं। पोड़ी उपरोड़ा ब्लॉक सहित जिले की सभी पंचायतों में इस कार्यक्रम को लेकर उत्साह देखा गया है। प्रत्येक पंचायत में 2 से 3 कर्मचारियों की ड्यूटी लगाई गई है, जो आवेदन एकत्र करने, लोगों को मार्गदर्शन देने और प्रक्रिया को सुव्यवस्थित करने में लगे हुए हैं। इसके साथ ही ग्राम सरपंच एवं सुशासन तिहार के प्रभारी अधिकारी द्वारा आमजन से अपील की गई है कि वे अपनी समस्याओं का आवेदन पंचायत कार्यालय में जमा करें। इसके लिए निःशुल्क आवेदन प्रपत्र पंचायत में उपलब्ध कराए गए हैं।
53 प्रकार की समस्याओं और मांगों पर लिए जा रहे आवेदन
इस सुशासन तिहार में नागरिकों से राशन कार्ड, आवास, शौचालय, बिजली, पानी, कृषि, पालन योजनाओं, पेंशन, सड़क निर्माण, प्रमाण पत्र, स्कूल भवन जैसी 53 अलग-अलग श्रेणियों में आवेदन लिए जा रहे हैं। इन मांगों में प्रमुख रूप से निम्नलिखित शामिल हैं:
नया राशन कार्ड, नाम जोड़ना/हटाना
चावल, चना, शक्कर न मिलने की शिकायत
आवास, शौचालय, बकरी/मुर्गी शेड
मछली पालन, शुगर पालन, तालाब/कुआं निर्माण
सड़क, पुलिया, सीसी रोड, नल-जल कनेक्शन
बिजली कनेक्शन, सौर पैनल, स्ट्रीट लाइट
महतारी वंदन योजना, श्रम कार्ड, स्मार्ट कार्ड
किसान क्रेडिट कार्ड, वृद्धा/विधवा/विकलांग पेंशन
जन्म, मृत्यु, विवाह प्रमाणपत्र,
स्कूल व आंगनबाड़ी भवन निर्माण
तेंदूपत्ता, मनरेगा, पीएम आवास बकाया राशि पर आवेदन
ग्रामवासियों का कहना है कि यह एक बेहतरीन प्रयास है जिसमें उन्हें बिना किसी डर और झिझक के अपनी समस्या सीधे सरकार तक पहुँचाने का मौका मिल रहा है। गुप्त पेटी की व्यवस्था से लोग खुलकर अपनी बात रख पा रहे हैं। वहीं अधिकारी वर्ग भी इसे एक सकारात्मक पहल बता रहे हैं, जो शासन-प्रशासन और जनता के बीच सेतु का कार्य कर रहा है।
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय द्वारा शुरू की गई यह पहल शासन को जमीनी स्तर की समस्याओं से अवगत कराएगी। उम्मीद जताई जा रही है कि इन आवेदनों के आधार पर पंचायत, जनपद, जिला और राज्य स्तर पर कार्यवाही कर समस्याओं का समाधान प्राथमिकता के आधार पर किया जाएगा।

0 Comments