होली के नजदीक आते ही असामाजिक तत्व सक्रिय, ग्राम पंचायत पोड़ी उपरोड़ा में तोड़फोड़ और उपद्रव की घटना, बांगो थाना क्षेत्र क़ा मामला
होली का पर्व नजदीक आते ही असामाजिक तत्वों द्वारा शांति भंग करने और अराजकता फैलाने की घटनाएं बढ़ रही हैं। बीती रात ग्राम पंचायत पोड़ी उपरोड़ा में उपद्रवियों ने जमकर तोड़फोड़ और बदमाशी की। इस घटना से ग्रामीणों में भय और आक्रोश व्याप्त है। उपद्रवियों ने कई निजी और सार्वजनिक संपत्तियों को नुकसान पहुंचाया, जिससे क्षेत्र में कानून-व्यवस्था को लेकर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं।
ग्राम पंचायत सरपंच सहेत्तर सिंह राज ने बताया की रात के अंधेरे में कुछ अराजक तत्वों ने इलाके में उत्पात मचाया। स्विफ्ट कार और दीपक विश्वकर्मा की बोलेरो गाड़ी के शीशे तोड़ दिए गए। इसके अलावा, HDFC बैंक फाउंडेशन के तहत निर्मित एक पंप को भी नुकसान पहुंचाया गया। यही नहीं, धार्मिक आस्था से जुड़ी चीजों को भी निशाना बनाया गया शिवलिंग और त्रिशूल से छेड़छाड़ की गई, जिससे धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंची है।
कुछ ग्रामीणों के घरों के बिजली बल्ब, स्विच और तारों को जला दिया गया, जिससे न केवल संपत्ति का नुकसान हुआ बल्कि लोगों को असुविधा भी झेलनी पड़ी। क्योंकि असामाजिक तत्व बेखौफ होकर उपद्रव कर रहे हैं।
शिकायत और प्रशासनिक कार्रवाई की मांग
घटना की गंभीरता को देखते हुए ग्राम पंचायत के सरपंच सहेत्तर सिंह राज और उपसरपंच सीता देवी अग्रवाल व पंच तीर्थंश्वर प्रताप सिंह, रविन्द्र पटेल, पुजारी दास, गणेश यादव, बिंझरा से सुरेश पोरते समेत कुछ ग्रामीण ने बांगो थाना पहुंचकर पुलिस में शिकायत दर्ज कराई। उन्होंने पुलिस प्रशासन से जल्द से जल्द दोषियों की पहचान कर सख्त कानूनी कार्रवाई करने की मांग की।
ग्रामीणों का कहना है कि इस तरह की घटनाएं क्षेत्र में भय का माहौल बना सकती हैं और शांति-व्यवस्था भंग कर सकती हैं। इसलिए, पुलिस को गश्त बढ़ाने और संदिग्ध गतिविधियों पर सख्त नजर रखने की जरूरत है।
पुलिस और प्रशासन की जिम्मेदारी
होली जैसे बड़े त्योहार के दौरान अक्सर असामाजिक तत्व माहौल खराब करने की कोशिश करते हैं। ऐसे में पुलिस प्रशासन को चौकसी बढ़ानी होगी, रात्रि गश्त तेज करनी होगी और संदिग्ध लोगों पर कड़ी नजर रखनी होगी। इसके अलावा, सीसीटीवी कैमरों की जांच कर उपद्रवियों की पहचान की जा सकती है, और उन्हें जल्द गिरफ्तार कर कठोर दंड दिया जाना चाहिए। इससे भविष्य में इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति को रोका जा सकेगा।
स्थानीय पुलिस प्रशासन ने गांव वासियों से सतर्क रहने और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की तुरंत सूचना पुलिस को देने की अपील की है। साथ ही, सामुदायिक स्तर पर निगरानी बढ़ाने और होली के दौरान विशेष सतर्कता बरतने की सलाह दी गई है।


0 Comments