कोनकोना सरपंच के अथक प्रयास से PMGSY सड़क निर्माण की मिली मंजूरी, वर्षो से उबड़- खाबड़ और पगडंडी रास्तो से गुजर रहे थे लोग,
सरपंच ने शासन- प्रशासन का किया धन्यवाद ज्ञापित.
कोनकोना ग्राम का विकास आज किसी से छुपा नहीं है, प्रायः मोहल्लो मे पक्की सड़क नल योजना से ग्रामीण लाभ ले रहे हैं वही शराब बंदी की मुहीम कोनकोना मे ही छिड़ी जिसमे सरपंच अमिता राज के समर्थन मे महिलाये जमकर सामने आई, वही पंडो बिरहोर मांझी मोहल्ले मे सड़क की स्वीकृति भी इसी कार्यकाल मे पूरा हुआ, इन तमाम गतिविधियों से ग्रामीणों मे हर्ष तों है ही साथ ही वे इस प्रतिनिधित्व कर रहे सरपंच के कामो से भी प्रभावित हुए। गांव की कायापलट करने वाली कोनकोना की महिला सरपंच अमिता राज जिन्हें ग्राम के ग्रामीण "मुखिया दीदी" के नाम से बुलाते है, उनके अथक प्रयास से अब यहां के लोगों को नई सड़क की सौगात मिल रही है। कच्चे एवं उबड़- खाबड़ मार्गों व पगडंडी रास्ते पर चलने वाले ग्रामीणों में नई सड़क की मंजूरी मिलने से हर्ष का माहौल है।
जिले के पोड़ी उपरोड़ा जनपद के अधीन आने वाले लगभग 2000 की जनसंख्या एवं 1700 मतदाता संख्या और 20 वार्ड वाले ग्राम पंचायत कोनकोना की निर्वाचित महिला सरपंच श्रीमती अमिता राज पंचायत की राजनीति में आने से पहले गृहणी थी। लेकिन अब पति, बच्चों सहित ससुराल के सदस्यों की जिम्मेदारी निभाने के साथ सरपंच के रूप में ग्राम विकास की जवाबदेही का बखूबी निर्वहन कर ग्रामीण जनता को बुनियादी विकास व शासन की योजनाओं का हरसंभव लाभ दिलाने में प्रयासरत है। विभिन्न विकास कार्यों का धरातल पर सफल क्रियान्वयन करते हुए पंचायत का सुसंचालन करने वाली सरपंच अमिता के अथक प्रयास से गांव के कच्चे मार्गों और पगडंडी पर चलने वाले लोगों को अब प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना से पक्के मार्गों की सौगात मिलेगी। यहां के ग्रामीणों की लंबे अर्से से मांग रही कि बरौदखार, छिबरीपारा, समेलीभांठा व भुडूपानी कच्चे व पगडंडी मार्गों में पक्की सड़क बन जाने से उनका जीवन आसान हो जाएगा। अमिता राज अपनी निर्वाचित के बाद से ही उक्त रास्तों में पक्की सड़क निर्माण के लिए पंचायत की ओर से प्रस्ताव तैयार कर शासन- प्रशासन तक मांग करती रही और अततः उनकी यह प्रयास रंग लायी व उनके अथक प्रयास का परिणाम यह रहा कि एनएच मार्ग बरौदखार से भूलेझरिया- 15 किमी., एनएच मार्ग छिबरी से छिबरीपारा बस्ती तक- 2.50 किमी., पंचायत कार्यालय भवन से समेलीभांठा- 4.50 किमी. और एनएच मार्ग भालू मोड़ से भुडूपानी तक- 04 किमी. सड़क निर्माण की मंजूरी शासन से मिली है और जल्द ही कार्य प्रारंभ होगा। जिसके निर्माण से शिवपुर, कोठारपारा, पंडरीनार, डांघीआम सहित लगभग दर्जन भर गांव के ग्रामीणों को इसका लाभ मिलेगा। यहां के ग्रामीणों ने बताया कि भूलेझरिया एवं भुडूपानी पहुँचमार्ग पगडंडी होने से चिकित्सा, शिक्षा सहित अन्य सुविधाओं के लिए काफी जद्दोजहद करना पड़ता है। बरसात के दिनों में मार्ग की हालत अत्यंत खराब हो जाने के चलते इस गांव के लोग प्रभावित हो जाते है और तब उन्हें असुविधाओं में गुजर- बसर करना पड़ता है। वहीं बरौदखार से भूलेझरिया व छिबरी से छिबरीपारा कच्चा मार्ग भी बारिश के दिनों में कीचड़ युक्त हो जाने से चलना दूभर हो जाता है। ऐसे में उक्त मार्गों में चलने पर काफी कठिनाई का सामना करना पड़ता है। हालांकि बारिश बाद पंचायत की ओर से इन मार्गों का मरम्मत कार्य कराया जाता था, लेकिन वह स्थायी विकल्प नही था। आखिरकार लंबे इंतजार के बाद व वर्तमान सरपंच के प्रयास से इन कच्चे, उबड़- खाबड़ व पगडंडी मार्गों के दिन बहुरेंगे और लोगों को जल्द ही सुलभ व आसान आवागमन का लाभ मिलेगा। कच्चे मार्गों से प्रभावित ग्रामीणों ने खुशी जाहिर करते हुए कहा कि सड़क का निर्माण होने से वे भी विकास की मुख्यधारा से सीधे जुड़ जाएंगे, उन्होंने सरपंच के प्रयास को लेकर आभार व्यक्त किया है। वहीं पक्के सड़क की स्वीकृति होने को लेकर सरपंच श्रीमती अमिता राज ने भी शासन- प्रशासन का धन्यवाद ज्ञापित किया है।

0 Comments