नवरात्र-दशहरा को लेकर पुलिस अलर्ट, कटघोरा में निकाला फ्लैग मार्च, असामाजिक तत्वों को पुलिस की दो टूक—‘कायदे में रहोगे तो फायदे में रहोगे’
कोरबा/कटघोरा 12 अक्टूबर 2026 : नवरात्र और दशहरा पर्व को शांतिपूर्ण एवं सुरक्षित माहौल में संपन्न कराने के लिए कटघोरा पुलिस अलर्ट मोड पर है। त्योहारों के दौरान बाजारों और सार्वजनिक स्थलों पर बढ़ने वाली भीड़ को देखते हुए पुलिस ने शहर के प्रमुख मार्गों और संवेदनशील इलाकों में पैदल फ्लैग मार्च निकाला। इस दौरान पुलिस ने आम नागरिकों को सुरक्षा का भरोसा दिलाया, वहीं असामाजिक तत्वों को कानून-व्यवस्था बिगाड़ने पर सख्त कार्रवाई की चेतावनी दी।
जिला पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ तिवारी एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कटघोरा नीतीश ठाकुर के निर्देश पर एसडीओपी विजय सिंह राजपूत के नेतृत्व में थाना प्रभारी राजेश तिवारी और पुलिस बल ने फ्लैग मार्च किया। मार्च की शुरुआत कटघोरा थाना परिसर से हुई। इसके बाद पुलिस टीम बस स्टैंड, अंबिकापुर रोड, मोहल्लाइन भाटा, पुरानी बस्ती, कारखाना एरिया और तहसील भाटा सहित शहर के प्रमुख मार्गों से गुजरी। फ्लैग मार्च में थाना प्रभारी राजेश तिवारी, उप निरीक्षक राजेंद्र प्रताप सिंह, प्रधान आरक्षक निलेन्द्र सिंह सहित पुलिस के जवान शामिल रहे। पुलिस की इस कार्रवाई का उद्देश्य त्योहारों के दौरान शांति एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखना और लोगों में सुरक्षा की भावना मजबूत करना रहा।
अशांति फैलाने वालों पर होगी सख्त कार्रवाई
पुलिस ने स्पष्ट किया कि नवरात्र और दशहरा के दौरान किसी भी तरह की अवांछित गतिविधि, हुड़दंग या अशांति फैलाने की कोशिश बर्दाश्त नहीं की जाएगी। कानून-व्यवस्था बिगाड़ने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। पुलिस ने असामाजिक तत्वों को दो टूक संदेश देते हुए कहा—‘कायदे में रहोगे तो फायदे में रहोगे।’
आयोजन समितियों को भी दिए गए हैं निर्देश
त्योहारों की तैयारियों को लेकर पुलिस पहले ही नवरात्र आयोजन समितियों के साथ बैठक कर चुकी है। बैठक में समितियों को आवश्यक दिशा-निर्देश देते हुए निर्धारित नियमों का पालन सुनिश्चित करने की अपील की गई थी। पुलिस और प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि त्योहारों को परंपरा, सौहार्द और गरिमा के साथ संपन्न कराने के लिए सभी को नियमों का पालन करना होगा। पुलिस ने आम नागरिकों से भी शांति एवं सद्भाव बनाए रखने और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को देने की अपील की है।



0 Comments