Hot Posts

6/recent/ticker-posts

ktg news : कटघोरा में जमीन पर झूल रहा 11 केवी हाईटेंशन तार, जान जोखिम में डालकर पानी भरने को मजबूर ग्रामीण, बिजली विभाग की कार्यप्रणाली पर उठे सवाल

कटघोरा में जमीन पर झूल रहा 11 केवी हाईटेंशन तार, जान जोखिम में डालकर पानी भरने को मजबूर ग्रामीण, बिजली विभाग की कार्यप्रणाली पर उठे सवाल

कोरबा/कटघोरा, 13 अक्टूबर 2026 : कटघोरा विद्युत वितरण संभाग के अंतर्गत ग्राम पंचायत रामपुर में खनिज बैरियर के पीछे स्थित बस्ती में बिजली विभाग की लापरवाही का मामला सामने आया है। यहां बारिश के दौरान करीब दो महीने पहले ट्रांसफॉर्मर से बस्ती की ओर जाने वाला 11 केवी हाईटेंशन बिजली का तार जमीन को छूते हुए गुजर रहा है। हैरानी की बात यह है कि इसी स्थान पर बोर का पंप हाउस भी स्थित है, जहां मोहल्ले के लोग प्रतिदिन पानी भरने के लिए पहुंचते हैं। ऐसे में लोगों की जान पर खतरा मंडरा रहा है।

पानी भरने जाते समय हादसे का डर

मोहल्लेवासियों के मुताबिक, जमीन के करीब से गुजर रहे हाईटेंशन तार के कारण हर समय करंट लगने और किसी बड़े हादसे की आशंका बनी रहती है। इसी रास्ते से लोग पानी भरने आते-जाते हैं। यहां बच्चे खेलते हैं और मवेशियों का भी आना-जाना लगा रहता है। स्थानीय लोगों का दावा है कि कई बार मवेशियों को करंट लगने की घटनाएं भी हो चुकी हैं।

बांस के सहारे तार उठाने को मजबूर ग्रामीण

स्थिति की गंभीरता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि मोहल्ले के लोगों ने कई स्थानों पर बांस के खंभों के सहारे बिजली के तार को ऊपर उठाने की कोशिश की है। हालांकि, यह अस्थायी व्यवस्था किसी भी समय गंभीर दुर्घटना का कारण बन सकती है। हाईटेंशन लाइन के इतने नीचे होने से ग्रामीणों में भय का माहौल है। मोहल्लेवासियों का कहना है कि इस समस्या को लेकर बिजली विभाग के कर्मचारियों से कई बार शिकायत की जा चुकी है, लेकिन अब तक तार को सुरक्षित ऊंचाई पर करने के लिए कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया है। करीब दो महीने बीत जाने के बाद भी समस्या का बने रहना विभाग की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े करता है।

क्या किसी बड़ी अनहोनी के बाद जागेगा विभाग?

ग्रामीणों ने बिजली विभाग से मांग की है कि मामले को गंभीरता से लेते हुए तत्काल मौके का निरीक्षण किया जाए और हाईटेंशन तार को सुरक्षित तरीके से दुरुस्त कराया जाए, ताकि लोगों को पानी भरने के लिए अपनी जान जोखिम में न डालनी पड़े। अब सवाल यह है कि क्या विभाग समय रहते कार्रवाई करेगा या किसी बड़ी दुर्घटना के बाद ही जिम्मेदार अधिकारी इस गंभीर समस्या का संज्ञान लेंगे?

Post a Comment

0 Comments

Ad Code

Responsive Advertisement