ktg news : कटघोरा-कोरबा मार्ग पर भीषण सड़क हादसा, कार-बाइक में जोरदार भिड़ंत, दो बाइक सवारों की हालत नाजुक, जिला अस्पताल रेफर किए गए दोनों युवक.
कोरबा/कटघोरा 31 अक्टूबर 2026 : कटघोरा-कोरबा मार्ग पर सलोरा के पास तेज रफ्तार कार और बाइक के बीच जोरदार भिड़ंत हो गई। इस भीषण सड़क हादसे में बाइक सवार दो युवक गंभीर रूप से घायल हो गए, दोनों बाइक सवारों की हालत नाजुक बताई जा रही है।प्राप्त जानकारी के अनुसार, कोरबा की ओर से आ रही कार ने सलोरा के पास बाइक सवारों को अपनी चपेट में ले लिया। हादसे में घायल दोनों युवक थाना लेमरू क्षेत्र के देवपहरी निवासी बताए जा रहे हैं। और सलोरा के टायर फेक्ट्री में मजदूरी का कार्य करते थे। वहीं, दुर्घटनाग्रस्त कार का नंबर CG12 BD 7199 है, जिसका चालक छुरी निवासी बताया जा रहा है।
घटना के बाद कटघोरा-कोरबा मार्ग पर वाहनों की लंबी कतार लग गई और यातायात बाधित हो गया। सूचना मिलते ही कटघोरा पुलिस मौके पर पहुंची। थाना प्रभारी राजेश तिवारी के नेतृत्व में एएसआई चन्द्रमणि खांडेकर, राजेन्द्र प्रताप सिंह, नीलम केरकेट्टा सहित थाना स्टाफ ने घटनास्थल पर पहुंचकर राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। पुलिस की मदद से सभी घायलों को तत्काल नजदीकी कटघोरा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) पहुंचाया गया। वहां प्राथमिक उपचार के बाद दोनों बाइक सवारों की गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें बेहतर इलाज के लिए जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।
इधर, कटघोरा पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को सड़क से हटवाकर यातायात व्यवस्था बहाल कराई। पुलिस की तत्परता से मार्ग पर लगा जाम खुलवाया गया और वाहनों की आवाजाही फिर से सामान्य हो सकी।



0 Comments