कटघोरा के स्वामी आत्मानंद स्कूल प्रांगण में होगा आयोजन, गणेशोत्सव में अहम योगदान देने वाले सहयोगियों का समिति करेगी सम्मान
कोरबा/कटघोरा, 11 अक्टूबर 2026 : कटघोरा की जयदेवा गणेशोत्सव समिति द्वारा प्रतिवर्ष आयोजित होने वाले ‘कटघोरा का राजा’ गणेशोत्सव की भव्यता और सफलता में योगदान देने वाले सहयोगियों के सम्मान में 13 अक्टूबर, मंगलवार को भव्य आभार कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा। नगर के स्वामी आत्मानंद स्कूल प्रांगण (पुराना दशहरा मैदान) में आयोजित इस कार्यक्रम में छत्तीसगढ़ के प्रसिद्ध जसगीत गायक दिलीप षडंगी माता के भक्ति गीतों की प्रस्तुति देकर श्रद्धालुओं को भक्तिरस से सराबोर करेंगे।
जयदेवा गणेशोत्सव समिति पिछले आठ वर्षों से ‘कटघोरा का राजा’ गणेशोत्सव को धूमधाम और भव्यता के साथ मनाती आ रही है। अल्प समय में ही इस आयोजन ने अपनी आकर्षक साज-सज्जा, भव्य पंडाल और विशाल गणेश प्रतिमा के चलते कोरबा जिले के साथ-साथ प्रदेश और देश में भी अलग पहचान बनाई है।
इस वर्ष आयोजित गणेशोत्सव में उज्जैन के महाकालेश्वर मंदिर की थीम पर 111 फीट ऊंचा भव्य पंडाल और 21 फीट ऊंची आकर्षक गणेश प्रतिमा श्रद्धालुओं के आकर्षण का प्रमुख केंद्र रही। इसके साथ ही ज्योतिर्लिंग की झांकी, प्रतिदिन होने वाले लेजर शो, भस्म आरती और गंगा आरती ने भी लोगों को विशेष रूप से आकर्षित किया। पूरे आयोजन के दौरान श्रद्धालुओं में उत्साह और भक्ति का माहौल देखने को मिला।
*योगदान देने वालों का होगा सम्मान
गणेशोत्सव को सफल बनाने में अनेक लोगों और सहयोगियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही। इसी के मद्देनजर समिति द्वारा आयोजित आभार कार्यक्रम में 11 दिवसीय गणेशोत्सव के दौरान लाइट डेकोरेशन, साउंड, इवेंट मैनेजमेंट, प्रचार-प्रसार सहित अन्य व्यवस्थाओं में योगदान देने वाले सदस्यों और प्रत्यक्ष रूप से सहयोग करने वाले लोगों को सम्मानित किया जाएगा। समिति का उद्देश्य आयोजन को सफल बनाने वाले सभी सहयोगियों के प्रति आभार व्यक्त करना है।
*दिलीप षडंगी के जसगीतों से सजेगी भक्ति की शाम
कार्यक्रम का प्रमुख आकर्षण छत्तीसगढ़ के लोकप्रिय जसगीत गायक दिलीप षडंगी का जगराता होगा। अपने प्रसिद्ध भक्ति गीतों के लिए पहचान रखने वाले दिलीप षडंगी ‘झुपत झुपत आबे दाई, झुपत झुपत आबे गा’ और ‘आनापान की पतरी, करेला पान के दोना वो’ जैसे गीतों के माध्यम से भक्तिमय माहौल बनाएंगे। आभार कार्यक्रम को भव्य और यादगार बनाने के लिए जयदेवा गणेशोत्सव समिति द्वारा तैयारियों को अंतिम रूप दिया जा रहा है। आयोजन के माध्यम से समिति एक ओर जहां गणेशोत्सव की सफलता में योगदान देने वाले लोगों का सम्मान करेगी, वहीं दूसरी ओर जसगीत और माता की आराधना के जरिए श्रद्धालुओं को भक्ति से जुड़ने का अवसर भी मिलेगा।

0 Comments