Hot Posts

6/recent/ticker-posts

Ktg news : अंग्रेजी शराब का अवैध परिवहन करते दो आरोपी गिरफ्तार, 60 पौआ शराब के साथ 1 मोटरसाइकिल जब्त

अंग्रेजी शराब का अवैध परिवहन करते दो आरोपी गिरफ्तार, 60 पौआ शराब के साथ 1 मोटरसाइकिल जब्त


कोरबा/कटघोरा, 3 सितंबर 2026। त्योहारी सीजन को देखते हुए जिले में अवैध शराब के परिवहन और बिक्री पर अंकुश लगाने पुलिस द्वारा लगातार कार्रवाई की जा रही है। इसी कड़ी में कटघोरा पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर कार्रवाई करते हुए अंग्रेजी शराब का अवैध परिवहन कर रहे दो युवकों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से करीब 60 पौआ अंग्रेजी शराब बरामद करने के साथ ही शराब परिवहन में प्रयुक्त पैशन प्रो मोटरसाइकिल भी जब्त की है। दोनों आरोपियों के खिलाफ आबकारी अधिनियम की धारा 34(2) के तहत कार्रवाई की गई है।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, जिला पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ तिवारी के निर्देशन में त्योहारी सीजन के दौरान अवैध गतिविधियों पर प्रभावी नियंत्रण के लिए जिले के सभी थाना क्षेत्रों में लगातार निगरानी एवं कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कटघोरा नीतीश ठाकुर एवं कटघोरा एसडीओपी विजय सिंह राजपूत के मार्गदर्शन में कटघोरा थाना पुलिस को अवैध शराब परिवहन की सूचना प्राप्त हुई। कटघोरा थाना प्रभारी प्रेमचंद साहू को मुखबिर से सूचना मिली कि जड़गा मोड़ स्थित शराब दुकान से दो युवक बड़ी मात्रा में अंग्रेजी शराब लेकर मोटरसाइकिल से परिवहन करने वाले हैं। सूचना को गंभीरता से लेते हुए थाना प्रभारी ने तत्काल पुलिस टीम गठित की और टीम को बताए गए स्थान पर रवाना किया।

पुलिस टीम ने जड़गा मोड़ के आसपास घेराबंदी कर संदिग्ध रूप से मोटरसाइकिल से जा रहे दो युवकों को रोककर पूछताछ की। जांच के दौरान दोनों युवकों की पहचान हरिशंकर यादव एवं संजय कंवर, निवासी झाल कछार, रंजना के रूप में हुई। पुलिस ने जब दोनों की तलाशी ली तो उनके पास रखे एक थैले से करीब 60 पौआ अंग्रेजी शराब बरामद हुई। पुलिस ने शराब को जब्त करने के साथ ही शराब के परिवहन में इस्तेमाल की जा रही पैशन प्रो मोटरसाइकिल को भी जब्त कर लिया। मामले में दोनों आरोपियों के विरुद्ध आबकारी अधिनियम की धारा 34(2) के तहत वैधानिक कार्रवाई की गई है।

अवैध गतिविधियों पर रहेगी पुलिस की नजर

कटघोरा थाना प्रभारी प्रेमचंद साहू ने स्पष्ट किया है कि थाना क्षेत्र में किसी भी प्रकार की अवैध गतिविधि को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। विशेष रूप से त्योहारी सीजन के दौरान अवैध शराब के परिवहन, बिक्री एवं अन्य गैरकानूनी गतिविधियों पर पुलिस की लगातार नजर बनी हुई है। उन्होंने कहा कि अवैध गतिविधियों में संलिप्त पाए जाने वालों के खिलाफ नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी। कटघोरा पुलिस की इस कार्रवाई से अवैध शराब के कारोबार में संलिप्त लोगों में हड़कंप की स्थिति है। पुलिस द्वारा क्षेत्र में संदिग्ध गतिविधियों पर निगरानी बढ़ाने के साथ ही मुखबिर तंत्र को भी सक्रिय किया गया है।


Post a Comment

0 Comments

Ad Code

Responsive Advertisement