Hot Posts

6/recent/ticker-posts

ktg news : कटघोरा थाना प्रभारी ने ली शांति समिति की बैठक, त्योहारों में कानून व्यवस्था बनाए रखने पर जोर, शासन के नियमों का पालन करने के दिए सख्त निर्देश

कटघोरा थाना प्रभारी ने ली शांति समिति की बैठक, त्योहारों में कानून व्यवस्था बनाए रखने पर जोर, शासन के नियमों का पालन करने के दिए सख्त निर्देश.

कोरबा/कटघोरा 3 सितंबर 2026 :  आगामी त्योहारी सीजन को देखते हुए कटघोरा थाना परिसर में शांति समिति की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। श्री कृष्ण जन्माष्टमी एवं गणेश उत्सव को शांतिपूर्ण, सौहार्दपूर्ण और व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने को लेकर आयोजित इस बैठक में नगर के जनप्रतिनिधि, गणेश उत्सव समिति के सदस्य, गणमान्य नागरिक, डीजे संचालक एवं पत्रकारगण उपस्थित रहे।

जिला पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ तिवारी के निर्देशानुसार जिले के सभी थाना एवं चौकी क्षेत्रों में आगामी त्योहारों को लेकर शांति समिति की बैठकें आयोजित की जा रही हैं। इसी क्रम में कटघोरा थाना प्रभारी प्रेमचंद साहू ने बैठक लेकर विभिन्न आयोजनों की तैयारियों की जानकारी ली और आयोजकों एवं डीजे संचालकों को शासन एवं प्रशासन द्वारा निर्धारित दिशा-निर्देशों का अनिवार्य रूप से पालन करने की समझाइश दी। बैठक के दौरान थाना प्रभारी प्रेमचंद साहू ने नगर में श्री कृष्ण जन्माष्टमी के अवसर पर आयोजित होने वाले विभिन्न कार्यक्रमों की जानकारी ली। विशेष रूप से दही हांडी कार्यक्रम को लेकर आयोजकों से तैयारियों, आयोजन स्थल और व्यवस्थाओं के संबंध में चर्चा की गई। उन्होंने आयोजकों से अपील की कि सभी कार्यक्रम निर्धारित नियमों के तहत आयोजित किए जाएं और आयोजन के दौरान कानून व्यवस्था प्रभावित न हो, इसका विशेष ध्यान रखा जाए।

गणेश उत्सव में ‘कटघोरा का राजा’ के आयोजन को लेकर भी चर्चा

आगामी गणेश उत्सव को लेकर भी बैठक में विस्तार से चर्चा हुई। कटघोरा नगर में प्रसिद्ध ‘कटघोरा का राजा’ के भव्य आगमन एवं इससे जुड़े आयोजनों के संबंध में थाना प्रभारी ने समिति के सदस्यों से जानकारी ली। उन्होंने आयोजन के दौरान भीड़ नियंत्रण, यातायात व्यवस्था और कानून व्यवस्था बनाए रखने में पुलिस प्रशासन के साथ समन्वय बनाकर कार्य करने की अपील की। थाना प्रभारी ने कहा कि धार्मिक एवं सामाजिक आयोजन आपसी भाईचारे और सौहार्द का संदेश देने वाले होने चाहिए। सभी समितियां प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करते हुए आयोजन करें, ताकि त्योहार शांतिपूर्ण वातावरण में संपन्न हो सकें।

डीजे संचालकों को नियमों के पालन की हिदायत

बैठक में डीजे संचालकों को भी विशेष रूप से शासन की गाइडलाइन की जानकारी दी गई। थाना प्रभारी ने स्पष्ट निर्देश देते हुए कहा कि डीजे संचालन के दौरान निर्धारित नियमों और ध्वनि सीमा का पालन करना अनिवार्य है। सभी डीजे संचालकों से शासन की गाइडलाइन के पालन को लेकर सहमति पत्र जमा करने की बात कही गई। उन्होंने कहा कि त्योहार के दौरान किसी भी प्रकार की लापरवाही या नियमों का उल्लंघन बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। आयोजकों और डीजे संचालकों को पुलिस प्रशासन के निर्देशों का पालन करते हुए सहयोगात्मक रवैया अपनाने की बात कही गई।

हुड़दंगियों को थाना प्रभारी की सख्त चेतावनी

बैठक के दौरान थाना प्रभारी प्रेमचंद साहू ने असामाजिक तत्वों और हुड़दंग करने वालों को सख्त चेतावनी दी। उन्होंने कहा कि त्योहार के नाम पर किसी भी व्यक्ति द्वारा कानून व्यवस्था बिगाड़ने, अशांति फैलाने या किसी प्रकार का उपद्रव करने का प्रयास किया गया तो पुलिस द्वारा ऐसे लोगों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने सभी उपस्थित लोगों से अपील करते हुए कहा कि त्योहारों के दौरान पुलिस प्रशासन का सहयोग करें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि या विवाद की स्थिति में तत्काल पुलिस को सूचना दें। पुलिस का उद्देश्य त्योहारों को शांतिपूर्ण एवं सुरक्षित वातावरण में संपन्न कराना है, जिसके लिए आम नागरिकों का सहयोग बेहद जरूरी है।

शांति समिति की बैठक में पार्षद पवन अग्रवाल, संजय अग्रवाल, हरीश यादव, बजरंग पटेल, निशार खान, श्याम कश्यप, नवनीत पटेल, सतीश शर्मा, आलोक जायसवाल, अनुज तिवारी, विष्णु कुमार, वसीम मलिक, दिलदार सिंह, श्याम सुंदर कश्यप, सुनील जात्रा सहित गणेश उत्सव समिति के सदस्य, डीजे संचालक, गणमान्य नागरिक एवं पत्रकारगण उपस्थित रहे। बैठक का मुख्य उद्देश्य आगामी श्री कृष्ण जन्माष्टमी एवं गणेश उत्सव के दौरान कटघोरा नगर में शांति, सौहार्द, यातायात व्यवस्था और कानून व्यवस्था को बेहतर बनाए रखना रहा। पुलिस प्रशासन ने सभी से आपसी सहयोग एवं समन्वय के साथ त्योहार मनाने की अपील की।

Post a Comment

0 Comments

Ad Code

Responsive Advertisement