Hot Posts

6/recent/ticker-posts

ktg news : नशामुक्त युवा ही विकसित भारत की मजबूत नींव : शास. मुकुटधर पांडे महाविद्यालय में चित्र प्रदर्शनी एवं जन-जागरूकता कार्यक्रम, विधायक व नगर पालिका अध्यक्ष हुए शामिल.

ktg news : नशामुक्त युवा ही विकसित भारत की मजबूत नींव :  शास. मुकुटधर पांडे महाविद्यालय में चित्र प्रदर्शनी एवं जन-जागरूकता कार्यक्रम, विधायक व नगर पालिका अध्यक्ष हुए शामिल.


कोरबा/कटघोरा, 18 अगस्त 2026 :  केंद्रीय संचार ब्यूरो, सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय, भारत सरकार द्वारा ‘नशा मुक्त युवा फॉर विकसित भारत संकल्प अभियान’ के अंतर्गत कोरबा जिले के कटघोरा स्थित शासकीय मुकुटधर पांडे महाविद्यालय में 18 एवं 19 अगस्त 2026 को नशामुक्ति पर केंद्रित चित्र प्रदर्शनी एवं जन-जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा है। कार्यक्रम का उद्देश्य युवाओं, विद्यार्थियों और आमजन को नशीले पदार्थों के दुष्परिणामों के प्रति जागरूक करना तथा नशामुक्त समाज के निर्माण में जनभागीदारी को बढ़ावा देना है।


कार्यक्रम का शुभारंभ कटघोरा विधायक प्रेमचंद पटेल एवं नगर पालिका परिषद कटघोरा के अध्यक्ष राज जायसवाल ने किया। उद्घाटन के पश्चात अतिथियों ने चित्र प्रदर्शनी का अवलोकन किया। प्रदर्शनी में नशे के विभिन्न रूपों, इसके कारण होने वाले शारीरिक, मानसिक, सामाजिक एवं आर्थिक दुष्परिणामों तथा नशामुक्त जीवन के लाभों को चित्रों और संदेशों के माध्यम से प्रदर्शित किया गया। अतिथियों ने नशामुक्ति के संदेश को जन-जन तक पहुंचाने के लिए आयोजित जागरूकता गतिविधियों की सराहना की।


युवाओं को नशे से दूर रहकर लक्ष्य हासिल करने का आह्वान

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विधायक प्रेमचंद पटेल ने कहा कि नशे की आदत युवाओं की ऊर्जा, क्षमता और भविष्य को प्रभावित करती है। उन्होंने युवाओं से नशे से दूर रहकर अपने जीवन के लक्ष्य प्राप्त करने की दिशा में आगे बढ़ने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि विद्यालय और महाविद्यालय का समय सीखने, समझने और व्यक्तित्व विकास का महत्वपूर्ण चरण होता है। इस दौरान युवाओं को पाठ्यक्रम की पढ़ाई के साथ यह भी समझना चाहिए कि कौन-सी आदतें उन्हें सही दिशा में ले जाती हैं और कौन-सी आदतें उन्हें गलत रास्ते की ओर ले जाती हैं।

श्री पटेल ने कहा कि नशे की लत धीरे-धीरे व्यक्ति के जीवन को अपनी गिरफ्त में ले लेती है। शराब, तंबाकू, सिगरेट और अन्य मादक पदार्थों से दूरी बनाए रखना आवश्यक है। उन्होंने कहा कि कोरबा जिले की जनजातीय एवं पारंपरिक जीवनशैली में कुछ अवसरों पर मदिरा के पारंपरिक उपयोग की प्रथा रही है, लेकिन इसे नशे की लत में बदलने से रोकना पूरे समाज की सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने युवाओं से नशे से दूर रहने का संकल्प लेने तथा अपने परिवार और समाज के लोगों को भी नशे के दुष्परिणामों के प्रति जागरूक करने की अपील की। उन्होंने कहा कि स्वस्थ, जागरूक और नशामुक्त युवा ही विकसित भारत के निर्माण में प्रभावी भूमिका निभा सकते हैं।

नशामुक्ति के लिए पूरे समाज की सामूहिक जिम्मेदारी

नगर पालिका परिषद कटघोरा के अध्यक्ष राज जायसवाल ने कहा कि नशामुक्ति केवल किसी एक व्यक्ति या परिवार का विषय नहीं है, बल्कि यह पूरे समाज की सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि नशे का सबसे अधिक प्रतिकूल प्रभाव युवाओं और उनके परिवारों पर पड़ता है। इसलिए बच्चों और युवाओं को शुरुआत से ही नशे के दुष्परिणामों के प्रति जागरूक करना जरूरी है। उन्होंने अभिभावकों, शिक्षकों, जनप्रतिनिधियों तथा समाज के सभी वर्गों से मिलकर नशामुक्ति के लिए सकारात्मक वातावरण तैयार करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि सामूहिक प्रयासों से ही युवाओं को नशे की प्रवृत्ति से बचाया जा सकता है और उन्हें रचनात्मक गतिविधियों की ओर प्रेरित किया जा सकता है।

गीत-संगीत और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से दिया नशामुक्ति का संदेश

कार्यक्रम के दौरान कलाकारों द्वारा गीत एवं सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दी गईं। इन प्रस्तुतियों के माध्यम से नशे के दुष्परिणामों तथा नशामुक्त जीवन के महत्व का संदेश प्रभावी ढंग से प्रस्तुत किया गया। गीत-संगीत और कला के माध्यम से विद्यार्थियों एवं युवाओं को नशे से दूर रहने तथा स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित किया गया।

विद्यार्थियों की सक्रिय भागीदारी

जन-जागरूकता कार्यक्रम में शासकीय मुकुटधर पांडे महाविद्यालय के विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की। कार्यक्रम के माध्यम से विद्यार्थियों को नशे से होने वाले स्वास्थ्य संबंधी नुकसान के साथ-साथ इसके सामाजिक एवं पारिवारिक प्रभावों की जानकारी दी गई। युवाओं को यह संदेश दिया गया कि वे अपनी ऊर्जा और प्रतिभा को शिक्षा, खेल, कला, रचनात्मक गतिविधियों तथा राष्ट्र निर्माण के कार्यों में लगाएं।

कार्यक्रम में शासकीय मुकुटधर पांडे महाविद्यालय के प्रभारी प्राचार्य डॉ. मदन मोहन जोशी, महाविद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाएं तथा बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे। दो दिवसीय कार्यक्रम के माध्यम से नशामुक्ति का संदेश विद्यार्थियों, युवाओं और आमजन तक पहुंचाने का प्रयास किया जा रहा है। कार्यक्रम में दिया गया संदेश यही रहा कि नशे से दूरी, स्वस्थ जीवन की मजबूरी नहीं बल्कि बेहतर भविष्य की जरूरी तैयारी है। युवाओं की सक्रिय भागीदारी और समाज के सामूहिक प्रयासों से ही नशामुक्त समाज तथा विकसित भारत के संकल्प को साकार किया जा सकता है।


Post a Comment

0 Comments

Ad Code

Responsive Advertisement