अवैध उत्खनन पर लगेगी लगाम, कलेक्टर ने दिए सख्त निर्देश, टास्क फोर्स समिति की बैठक संपन्न, पुलिस प्रसासन मिलकर लगाएंगे लगाम
जिले में अवैध खनन गतिविधियों पर रोक लगाने के लिए मंगलवार को कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में टास्क फोर्स समिति की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। कलेक्टर श्री अजीत कुमार वसंत ने बैठक की अध्यक्षता करते हुए सभी संबंधित विभागों को समन्वित और सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए।
कलेक्टर ने कहा कि खनन क्षेत्रों में सक्रिय अपराधिक प्रवृत्ति के लोगों को चिन्हित कर कठोर कार्रवाई की जाए ताकि किसी भी अप्रिय घटना की संभावना को टाला जा सके। राजस्व, पुलिस, खनिज, परिवहन, वन एवं पर्यावरण विभागों को संयुक्त रूप से कार्रवाई करने और निगरानी व्यवस्था सुदृढ़ करने को कहा गया। उन्होंने राखड़ के परिवहन में सुरक्षा मानकों का पालन अनिवार्य करते हुए निर्देश दिए कि वाहन त्रिपाल, तारपोलिन या पन्नी से ढके हों। वहीं, खनिज विभाग से प्राप्त आवेदनों की स्थल जांच रिपोर्ट समय-सीमा में उपलब्ध कराने के लिए राजस्व और वन विभाग को विशेष रूप से निर्देशित किया गया। एसईसीएल की खदानों से कोयला निकासी वाहन क्षमता के अनुरूप हो, और डम्प क्षेत्रों में कोयला चोरी रोकने हेतु केन्द्रीय सुरक्षा बल तथा एसईसीएल प्रबंधन को मिलकर निगरानी बढ़ाने के निर्देश दिए गए।
कलेक्टर ने यह भी स्पष्ट किया कि रॉयल्टी क्लीयरेंस प्रमाणपत्र के बिना किसी निर्माण एजेंसी को भुगतान नहीं किया जाएगा। इसके साथ ही, खनिज परिवहन में लगे वाहनों की आयु, वैध लाइसेंस और प्रतिबंधित सड़कों पर भारी वाहनों की आवाजाही पर विशेष निगरानी के आदेश दिए। कलेक्टर श्री वसंत ने दो टूक शब्दों में कहा कि जिले में अवैध गतिविधियों को किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और कानून-व्यवस्था तथा पर्यावरण संतुलन बनाए रखने के लिए सभी विभागों को सख्त और समन्वित कदम उठाने होंगे। बैठक में सीईओ जिला पंचायत श्री दिनेश कुमार नाग, अपर कलेक्टर श्री अनुपम तिवारी, श्री मनोज कुमार बंजारे सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित थे।

0 Comments