सुशासन तिहार पर गुरसिया में समाधान शिविर का आयोजन, ग्रामीणों को मिला लाभ: 23 कों पोड़ी उपरोड़ा मे होगी शिविर आयोजित
पोड़ी उपरोड़ा:- सुशासन तिहार के अवसर पर बुधवार को जनपद पंचायत पोड़ी उपरोड़ा के अंतर्गत ग्राम पंचायत गुरसिया में एक दिवसीय समाधान शिविर का आयोजन किया गया। इस शिविर का उद्देश्य ग्रामीणों की समस्याओं का त्वरित निराकरण कर शासन की योजनाओं का लाभ जनसामान्य तक पहुंचाना रहा। शिविर में क्षेत्र की कुल 8 ग्राम पंचायतों—गुरसिया, ऐतमनगर, लालपुर, लेपरा, पाथा, मानिकपुर, सालिहाभाठा, सरभोका और रिगानिया—के सैकड़ों ग्रामीणों ने भाग लिया।
*शिविर में रही प्रशासनिक सक्रियता, ग्रामीणों कों मिला लाभ*
शिविर में विभिन्न प्रशासनिक विभागों की उपस्थिति रही। जिला पंचायत अध्यक्ष डॉ. पवन सिंह ने ग्रामीणों की समस्याओं को सुना और संबंधित अधिकारियों को त्वरित समाधान के निर्देश दिए। जनपद अध्यक्ष माधुरी देवी, उपाध्यक्ष प्रकाशचंद जाखड़, जनपद सदस्य अंजू भोला गोस्वामी सहित कई जनप्रतिनिधि भी शिविर में उपस्थित रहे।
सरपंच संघ अध्यक्ष प्रताप सिंह मरावी, सरपंच कुमारी चंद्रकला पोर्ते, हेमलता बघेल सहित क्षेत्र के अन्य सरपंचों ने भी ग्रामीणों की समस्याएं अधिकारियों के समक्ष रखीं। प्रशासन की ओर से एसडीएम तुला राम भारद्वाज, तहसीलदार विनय कुमार देवांगन, नायब तहसीलदार सुमन दास मानिकपुरी, जनपद CEO जयप्रकाश डडसेना सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे। शिविर में बड़ी संख्या में ग्रामीणों को राशन कार्ड वितरित किए गए। साथ ही छात्र-छात्राओं और बच्चों को जाति प्रमाण पत्र प्रदान किए गए। उपस्थित अधिकारियों ने ग्रामीणों को शासन की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी और मौके पर ही शिकायतों का समाधान किया।
अगला समाधान शिविर 23 मई को
गुरसिया समाधान शिविर की सफलता के बाद अगला समाधान शिविर 23 मई को जनपद पंचायत पोड़ी उपरोड़ा मुख्यालय में आयोजित किया जाएगा, जिसमें और अधिक पंचायतों के नागरिकों को लाभान्वित किए जाने की योजना है। इस तरह सुशासन तिहार के अवसर पर आयोजित यह समाधान शिविर ग्रामीण अंचल में शासन की संवेदनशीलता और त्वरित सेवा प्रदान करने की एक सफल पहल साबित हुआ।

0 Comments