प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) की समीक्षा बैठक में सीईओ जिला पंचायत कोरबा ने दिए कड़े निर्देश, सभी अधूरे आवासों को 30 जून तक पूर्ण करने का लक्ष्य
जनपद पंचायत पोड़ी उपरोड़ा के सद्भावना भवन में आज मुख्य कार्यपालन अधिकारी (सीईओ), जिला पंचायत कोरबा की अध्यक्षता में प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) के क्रियान्वयन की प्रगति को लेकर एक विस्तृत समीक्षा बैठक आयोजित की गई। इस बैठक में जनपद क्षेत्र के सभी नोडल अधिकारी, ग्राम पंचायत सचिव, रोजगार सहायक एवं आवास मित्र उपस्थित रहे।
बैठक के प्रारंभ में योजना की अब तक की उपलब्धियों एवं शेष बचे कार्यों की प्रगति की समीक्षा प्रस्तुत की गई। सीईओ महोदय ने सभी संबंधित अधिकारियों से आवास निर्माण की योजना अनुसार लक्ष्य पूर्ति के संबंध में जानकारी ली और लाभार्थियों को समय पर आवास उपलब्ध कराने की आवश्यकता पर बल दिया।
सीईओ ने निर्देशित किया कि 30 जून 2025 तक सभी डोर लेवल तथा छत स्तर तक के अधूरे आवास पूर्ण कर लिए जाएं। उन्होंने कहा कि योजना का उद्देश्य ग्रामीण परिवारों को गरिमामयी जीवन देने हेतु आवास प्रदान करना है, और इसके क्रियान्वयन में किसी भी प्रकार की लापरवाही या शिथिलता बर्दाश्त नहीं की जाएगी। बैठक के दौरान कई पंचायतों में कार्य की धीमी प्रगति और लक्ष्य के अनुरूप निष्पादन न होने पर गहरी नाराजगी व्यक्त की गई। सीईओ ने स्पष्ट किया कि जिन पंचायतों में कार्य संतोषजनक नहीं है, वहां के सचिव, रोजगार सहायक एवं आवास मित्र के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
उन्होंने हर दिन की प्रगति की नियमित रिपोर्टिंग अनिवार्य करने और मॉनिटरिंग सिस्टम को सशक्त करने के निर्देश भी दिए। साथ ही, हितग्राहियों से संवाद स्थापित कर उन्हें समय-सीमा में निर्माण कार्य पूर्ण करने हेतु प्रेरित करने की आवश्यकता पर बल दिया गया। बैठक का समापन करते हुए सीईओ ने सभी अधिकारियों को निष्ठा, पारदर्शिता एवं तत्परता के साथ कार्य करने की सलाह दी और यह सुनिश्चित करने को कहा कि कोई भी पात्र हितग्राही योजना के लाभ से वंचित न रह जाए।

0 Comments