पोड़ी उपरोड़ा विकासखंड के भाजपा जनप्रतिनिधियों ने नव नियुक्त जिला अध्यक्ष गोपाल मोदी से की सौजन्य मुलाकात, दी शुभकामनाए
कोरबा / पोड़ी उपरोड़ा:- कोरबा मे भारतीय जनता पार्टी के नव नियुक्त जिला अध्यक्ष गोपाल मोदी से पोड़ी उपरोड़ा विकासखंड के भाजपा जनप्रतिनिधियों ने सौजन्य भेंट कर उन्हें बधाई एवं शुभकामनाएं प्रेषित कीं। इस अवसर पर उपस्थित जनप्रतिनिधियों ने संगठन को और अधिक सशक्त बनाने की दिशा में चर्चा की एवं भविष्य की रणनीति पर विचार-विमर्श किया।
मुलाकात के दौरान प्रतिनिधियों ने नव नियुक्त अध्यक्ष से आग्रह किया कि वे संगठन को नए सिरे से मजबूती प्रदान करें तथा युवा कार्यकर्ताओं को अधिक से अधिक अवसर प्रदान करते हुए उनमें नई ऊर्जा का संचार करें। उन्होंने कहा कि भाजपा एक विचारधारा आधारित पार्टी है, जिसमें संगठन की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण होती है। ऐसे में नए नेतृत्व से उम्मीदें और भी अधिक बढ़ जाती हैं कि वे पार्टी की जड़ों को और मजबूत करें तथा बूथ स्तर तक संगठन का विस्तार सुनिश्चित करें।
इस सौजन्य भेंट में भाजपा मंडल अध्यक्ष पसान एवं सरपंच संघ अध्यक्ष पोंडी उपरोडा प्रताप मरावी, पूर्व मंडल अध्यक्ष संदीप जाखड़, जनपद सदस्य आयुष ठाकुर, पूर्व जनपद सदस्य विजय दुबे सहित अन्य भाजपा नेता मौजूद रहे। सभी ने एकजुट होकर जिला संगठन को मजबूती देने का संकल्प लिया। मुलाकात सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न हुई और सभी ने आगामी चुनावों एवं संगठनात्मक गतिविधियों को लेकर पूर्ण समर्पण भाव से कार्य करने की बात कही।

0 Comments