मुंगेली// मुंगेली नगर पालिका क्षेत्र में हो रहे सड़क निर्माण कार्यो में जमकर भ्रष्टाचार किया जा रहा है। हाल ही में डेढ़-दो महीने पहले मुंगेली नगर पालिका क्षेत्र के अंबेडकर वार्ड के शिक्षक नगर में मानस भवन से बंशी भाटवानी के घर तक सड़क निर्माण किया गया था, लेकिन यह सड़क बनते ही उखड़ने लगी है और गिट्टियां सड़क पर बिखरने लगी हैं।
अंबेडकर वार्ड और मोहल्लेवासियों का कहना है कि इस सड़क निर्माण में स्पष्ट रूप से भ्रष्टाचार व अनियमिततायें दिख रही हैं। विकास कार्य के नाम पर भ्रष्टाचार कर शासकीय राशि व जनता के रूपये का दुरूपयोग किया जा रहा है। उक्त मामले की शिकायत अम्बेडकर वार्ड के निवासी अधिवक्ता स्वतंत्र तिवारी ने कलेक्टर और सीएमओ से की है।
शिकायतकर्ता अधिवक्ता स्वतंत्र तिवारी ने मांग की है कि:- अंबेडकर वार्ड स्थित शिक्षक नगर के मानस भवन से बंशी भाटवानी के घर तक ठेकेदार द्वारा बनाये गये इस नये सड़क में हुये भ्रष्टाचार की तत्काल दूसरे तकनीकी विभाग से जांच कराई जाये।
- ठेकेदार का भुगतान रोका जाये, और यदि ठेकेदार को आंशिक भुगतान हो भी गया हैं तो सड़क निर्माण में हुये भ्रष्टाचार की जांच करते हुये रिकवरी की कार्यवाही करते हुये ठेकेदार को ब्लेक लिस्ट में चिन्हित किया जाये।
- ऐसे ठेकेदार का दुबारा कार्य न दिया जाये, साथ ही इस सड़क का सत्यापन, मूल्यांकन करने वाले अधिकारियों के खिलाफ भी कड़ी कार्यवाही करने की मांग की गई है।


0 Comments