Hot Posts

6/recent/ticker-posts

Ad Code

Responsive Advertisement

जिला पंचायत अध्यक्ष पवन सिंह पहुंचे अड़सरा पंचायत, पंडो परिवारों की समस्याओं का लिया जायजा

जिला पंचायत अध्यक्ष पवन सिंह पहुंचे अड़सरा पंचायत, पंडो परिवारों की समस्याओं का लिया जायजा

पोड़ी उपरोड़ा: पोड़ी उपरोड़ा विकासखंड के अड़सरा ग्राम पंचायत में निवासरत पंडो जनजाति के परिवारों की समस्याओं को जानने के लिए आज जिला पंचायत अध्यक्ष पवन सिंह पहुंचे। उन्होंने क्षेत्र में रह रहे इन वंचित परिवारों की गंभीर समस्याओं की जानकारी ली और उनके निराकरण के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

स्वास्थ्य समस्याओं पर विशेष ध्यान, खदान के कारण जल संकट गंभीर

अड़सरा पंचायत में विशेष रूप से खुजली जैसी स्वास्थ्य समस्याएं अधिक देखी जा रही हैं। इस समस्या को देखते हुए पवन सिंह ने स्वास्थ्य विभाग को निर्देशित किया कि प्रभावित लोगों को बेहतर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराई जाए। उन्होंने स्वास्थ्य अधिकारियों से कहा कि इस मामले को प्राथमिकता दी जाए और जल्द से जल्द इस समस्या का समाधान किया जाए। ग्राम पंचायत अड़सरा ही नहीं, बल्कि पूरे क्षेत्र में जल संकट गहराता जा रहा है। ग्रामीणों ने बताया कि SECL की विजय वेस्ट कोल खदान के कारण भूमिगत जल स्तर काफी नीचे चला गया है, जिससे पानी की समस्या विकराल होती जा रही है। इस पर चिंता जाहिर करते हुए जिला पंचायत अध्यक्ष ने कहा कि SECL प्रबंधन को शुद्ध पेयजल आपूर्ति सुनिश्चित करनी चाहिए। इसके अलावा, कुछ स्थानों पर बोर खनन किया गया है, लेकिन बिजली की अनुपलब्धता के कारण पानी उपलब्ध नहीं हो पाता। इस समस्या के निराकरण के लिए उन्होंने स्थानीय प्रशासन को आवश्यक कदम उठाने के निर्देश दिए।

आवास योजना से वंचित पंडो जनजाति के 35 परिवार

पंडो जनजाति सरकार द्वारा संरक्षित समाज है, जिसे मूलभूत और बुनियादी सुविधाएं प्रदान करना प्रशासन की जिम्मेदारी है। लेकिन अड़सरा पंचायत में पंडो जनजाति के 35 परिवार अब भी झोपड़पट्टी में जीवन व्यतीत करने को मजबूर हैं। इनमें से कई परिवारों को प्रधानमंत्री आवास योजना का लाभ नहीं मिल पाया है। इस पर नाराजगी जाहिर करते हुए पवन सिंह ने ग्राम सरपंच, सचिव और जनपद सीईओ को जल्द से जल्द सर्वे कराकर पात्र परिवारों को आवास योजना का लाभ देने की बात कही।

हाथियों द्वारा तोड़े गए घर, पन्नी के सहारे जीवन-यापन

अड़सरा गांव में एक पीड़ित परिवार ऐसा भी है, जिसका घर हाथियों ने तोड़ दिया था। अब यह परिवार पन्नी की छत के नीचे गुजर-बसर करने को मजबूर है। परिवार के मुखिया शिव मोहन ने बताया कि पहले उनका कच्चा मकान था, जिसे हाथियों ने नष्ट कर दिया और अब वे अपने सात सदस्यों के साथ अस्थायी झोपड़ी में रह रहे हैं। इस पर पवन सिंह ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि जल्द से जल्द इस परिवार को आवास उपलब्ध कराया जाए।

जिला पंचायत में उठेगा मुद्दा

जिला पंचायत अध्यक्ष ने आश्वासन दिया कि वे इस मुद्दे को जिला पंचायत की बैठक में प्रमुखता से उठाएंगे। उन्होंने यह भी जानकारी ली कि आखिर पंडो परिवारों को आवास योजना का लाभ क्यों नहीं मिला। पता चला कि सभी के आवास स्वीकृत हुए हैं, लेकिन उनके खातों में राशि स्थानांतरित नहीं की गई। उन्होंने कहा कि इस तकनीकी समस्या की गहराई से जांच कराई जाएगी। 

Post a Comment

0 Comments

Ad Code

Responsive Advertisement