आकाशीय बिजली गिरने से कोसगई दाई मंदिर में दर्शन करने गए परिवार पर कहर, दो की मौत, तीन घायल
कोरबा के बांगो थाना क्षेत्र में स्थित प्राचीन कोसगई दाई मंदिर में दर्शन करने गए एक परिवार पर प्राकृतिक आपदा का कहर टूट पड़ा। मंदिर के पास अचानक आकाशीय बिजली गिरने से एक ही परिवार के पांच सदस्य झुलस गए, जिनमें से इलाज के दौरान दो लोगों की मौत हो गई, जबकि तीन अन्य गंभीर रूप से घायल हैं। जानकारी के अनुसार आज शाम अचानक मौसम बिगड़ गया और तेज बारिश शुरू हो गई। दर्शन करने गए एक परिवार बारिश से बचने के लिए कोसगाई पहाड़ के निचे एक पेड़ के नीचे खड़ा हो गया। इसी दौरान तेज गर्जना के साथ आकाशीय बिजली गिर गई, जिसकी चपेट में परिवार के सभी पांच सदस्य आ गए।
स्थानीय लोगों ने तुरंत घायलों को नजदीकी अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने गंभीर रूप से झुलसे दो लोगों को मृत घोषित कर दिया। अन्य तीन घायलों का इलाज चल रहा है, जिनमें से एक की हालत गंभीर बताई जा रही है। इस दुखद घटना के बाद परिवार में मातम पसर गया है, स्थानीय लोग प्रशासन से उचित मुआवजा और सहायता राशि देने की मांग कर रहे हैं, ताकि पीड़ित परिवार को राहत मिल सके। वही घटना के बाद बांगो पुलिस और प्रशासन ने लोगों से बारिश के दौरान सतर्क रहने की अपील की है। उन्होंने कहा कि तेज बारिश और आकाशीय बिजली के दौरान खुले स्थानों, पेड़ों के नीचे या ऊँचे इलाकों में खड़ा होना खतरनाक हो सकता है।


0 Comments