गणेश उत्सव को लेकर पुलिस अलर्ट, पत्रकारों से की चर्चा, 8 सितंबर को निकलेगी ‘कटघोरा के राजा’ की भव्य शोभायात्रा, यातायात और सुरक्षा पर विशेष जोर.
कोरबा/कटघोरा, 6 सितंबर 2026 : कटघोरा के प्रसिद्ध गणेश उत्सव एवं आगामी 8 सितंबर को निकलने वाली ‘कटघोरा के राजा’ की भव्य शोभायात्रा को लेकर पुलिस प्रशासन ने तैयारियां शुरू कर दी हैं। रविवार को कटघोरा थाना प्रभारी प्रेमचंद साहू ने क्षेत्र के पत्रकारों के साथ बैठक कर आयोजन के दौरान कानून व्यवस्था, यातायात और सुरक्षा को लेकर चर्चा की तथा पत्रकारों से सुझाव लिए।
पत्रकारों ने बताया कि ‘कटघोरा के राजा’ की शोभायात्रा में जिले सहित प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों से बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचते हैं। इसे देखते हुए भारी वाहनों को शहर में प्रवेश न देकर बायपास मार्ग से भेजने, अतिरिक्त पुलिस बल तैनात करने तथा यातायात व्यवस्था सुचारु रखने का सुझाव दिया गया। साथ ही शराब पीकर वाहन चलाने और लापरवाही से वाहन चलाने वालों पर कार्रवाई की मांग की गई। साथ ही प्रमुख मार्गों और भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में अतिरिक्त पुलिस जवानों की तैनाती, यातायात को व्यवस्थित करने तथा शोभायात्रा के दौरान वाहनों की आवाजाही को नियंत्रित करने पर भी चर्चा हुई।
थाना प्रभारी प्रेमचंद साहू ने कहा कि गणेश उत्सव के दौरान कानून व्यवस्था बिगाड़ने वाले और उपद्रव करने वाले तत्वों पर पुलिस की कड़ी नजर रहेगी। शांति भंग करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने नागरिकों से भी पुलिस प्रशासन का सहयोग करने की अपील की। बैठक में पत्रकार सतीश धनोदिया, कृष्ण गोपाल मित्तल, हितेश अग्रवाल, अजय धनोदिया, हसन अली, शशिकांत डिक्सेना, राहुल डिक्सेना, शारदा पाल, आशुतोष शर्मा, शिवप्रसाद गुप्ता, अयान अली, चंद्र कुमार श्रीवास, अरविंद शर्मा एवं जयप्रकाश साहू उपस्थित रहे।



0 Comments