Hot Posts

6/recent/ticker-posts

ktg news : रक्षाबंधन पर्व को लेकर कटघोरा पुलिस अलर्ट, निकाला गया फ्लैग मार्च, बाजारों में बढ़ी सुरक्षा व्यवस्था.

ktg news : रक्षाबंधन पर्व को लेकर कटघोरा पुलिस अलर्ट, निकाला गया फ्लैग मार्च, बाजारों में बढ़ी सुरक्षा व्यवस्था.

कोरबा/कटघोरा 27 अगस्त 2026 : रक्षाबंधन पर्व को लेकर बाजारों में बढ़ती भीड़ और यातायात व्यवस्था को ध्यान में रखते हुए कटघोरा पुलिस ने गुरुवार को न्यू बस स्टैंड सहित बिलासपुर मार्ग के प्रमुख बाजार क्षेत्रों में पैदल फ्लैग मार्च निकाला। पुलिस की इस कार्रवाई का उद्देश्य त्योहारी सीजन के दौरान आम लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के साथ-साथ बाजारों में कानून-व्यवस्था और यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखना रहा।

जिला पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ तिवारी के निर्देश एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक नियिश ठाकुर के मार्गदर्शन में आयोजित फ्लैग मार्च में कटघोरा एसडीओपी विजय सिंह राजपूत, थाना प्रभारी प्रेमचंद साहू सहित बड़ी संख्या में पुलिस अधिकारी एवं जवान शामिल रहे। पुलिस बल ने न्यू बस स्टैंड और बिलासपुर मार्ग के बाजारों में पैदल भ्रमण कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। त्योहारी खरीदारी के चलते न्यू बस स्टैंड के आसपास लोगों की काफी भीड़ देखने को मिली। इस दौरान सड़क किनारे और मुख्य मार्ग पर बेतरतीब तरीके से खड़े वाहनों के कारण कुछ समय के लिए जाम की स्थिति भी निर्मित हुई। पुलिस जवानों ने ऐसे वाहन चालकों को समझाइश देते हुए वाहनों को व्यवस्थित तरीके से खड़ा करने तथा यातायात में बाधा उत्पन्न न करने की अपील की।

फ्लैग मार्च के दौरान पुलिस अधिकारियों ने बाजार में खरीदारी करने पहुंचे लोगों से भी सावधानी बरतने की अपील की। पुलिस ने लोगों को भीड़भाड़ वाले स्थानों पर अपने सामान और कीमती वस्तुओं का विशेष ध्यान रखने तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तत्काल पुलिस को देने की समझाइश दी। साथ ही असामाजिक तत्वों से सतर्क रहने और किसी भी अप्रिय स्थिति की जानकारी पुलिस तक पहुंचाने की अपील की गई। रक्षाबंधन पर्व को देखते हुए बाजारों में खरीदारी के लिए बड़ी संख्या में लोगों के पहुंचने की संभावना है। इसे देखते हुए कटघोरा पुलिस ने शहर के प्रमुख चौक-चौराहों, बाजार क्षेत्रों और भीड़भाड़ वाले स्थानों पर अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती की है। पुलिस बल द्वारा लगातार पेट्रोलिंग एवं निगरानी की जा रही है, ताकि त्योहारी माहौल में किसी प्रकार की अप्रिय घटना न हो और आम नागरिक सुरक्षित वातावरण में खरीदारी कर सकें।

पुलिस अधिकारियों ने व्यापारियों और आम नागरिकों से भी यातायात व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग करने की अपील की है। पुलिस का कहना है कि त्योहारी सीजन के दौरान सुरक्षा और यातायात व्यवस्था को लेकर लगातार निगरानी रखी जाएगी तथा नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। कटघोरा पुलिस की इस पहल से बाजार क्षेत्र में सुरक्षा का माहौल मजबूत हुआ है। पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि वे रक्षाबंधन पर्व को शांतिपूर्ण एवं सुरक्षित तरीके से मनाएं और किसी भी संदिग्ध व्यक्ति, वस्तु या गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को दें।




Post a Comment

0 Comments

Ad Code

Responsive Advertisement