कोरबा : दीपका खदान नंबर 6 में मारपीट मामले में एक आरोपी पर चालानी कार्रवाई, पुलिस ने दी सख्त चेतावनी—खदान क्षेत्र में विवाद और दबंगई बर्दाश्त नहीं, उल्लंघन पर होगी कड़ी कार्रवाई.
कोरबा/दीपका, 22 अगस्त 2026: एसईसीएल दीपका क्षेत्र की खदान नंबर 6 में मारपीट के मामले में दीपका पुलिस ने एक आरोपी के खिलाफ दंडात्मक चालानी कार्रवाई की है। पुलिस ने खदान क्षेत्र में कार्यरत ठेका कंपनियों और मजदूरों को स्पष्ट चेतावनी दी है कि कार्यस्थल पर किसी भी प्रकार का विवाद, गाली-गलौज, मारपीट या दबंगई कतई बर्दाश्त नहीं की जाएगी। ऐसी घटनाओं में पुलिस द्वारा नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, बीते दिनों एसईसीएल दीपका की खदान नंबर 6 में एक मामूली बात को लेकर विवाद उत्पन्न हो गया था। खदान में संचालित ठेका कंपनी में कार्यरत संतोष सोनी ने प्रार्थी अमित राजपूत के साथ कथित रूप से गाली-गलौज करते हुए मारपीट की। घटना के बाद अमित राजपूत ने दीपका थाना पहुंचकर मामले की शिकायत दर्ज कराई। शिकायत प्राप्त होने के बाद दीपका थाना प्रभारी धर्मनारायण तिवारी के नेतृत्व में पुलिस ने मामले की जांच शुरू की। जांच के दौरान घटना से संबंधित तथ्यों की पड़ताल करने के बाद पुलिस ने आरोपी संतोष सोनी के विरुद्ध दंडात्मक चालानी कार्रवाई की।
खदान क्षेत्र में अनुशासन बनाए रखने पर जोर
मामले में कार्रवाई के साथ ही पुलिस ने एसईसीएल दीपका क्षेत्र में संचालित विभिन्न ठेका कंपनियों तथा वहां कार्यरत मजदूरों को सख्त संदेश दिया है। पुलिस का कहना है कि खदान क्षेत्र एक संवेदनशील और महत्वपूर्ण औद्योगिक क्षेत्र है, जहां काम के दौरान शांति, अनुशासन और सुरक्षा बनाए रखना बेहद जरूरी है।जिला पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ तिवारी के निर्देश पर थाना प्रभारी धर्मनारायण तिवारी ने ठेका कंपनियों और श्रमिकों को स्पष्ट रूप से कहा है कि आपसी विवाद को मारपीट या दबंगई का रूप देने वालों के खिलाफ पुलिस सख्ती से कार्रवाई करेगी। किसी भी कर्मचारी या व्यक्ति को कानून हाथ में लेने की अनुमति नहीं दी जाएगी।
मामूली विवाद को हिंसा में बदलने से रोकने की अपील
पुलिस ने श्रमिकों और ठेका कंपनियों से अपील की है कि कार्यस्थल पर किसी भी प्रकार का विवाद होने की स्थिति में आपसी बातचीत अथवा संबंधित अधिकारियों के माध्यम से उसका समाधान किया जाए। मामूली विवाद को लेकर गाली-गलौज और मारपीट जैसी घटनाएं न केवल कानून-व्यवस्था के लिए चुनौती बनती हैं, बल्कि कार्यस्थल के माहौल और सुरक्षा व्यवस्था को भी प्रभावित करती हैं। दीपका पुलिस ने साफ किया है कि खदान क्षेत्र में शांति और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस लगातार निगरानी रखेगी। भविष्य में इस तरह की घटना सामने आने पर संबंधित व्यक्तियों के विरुद्ध वैधानिक प्रावधानों के तहत कड़ी कार्रवाई की जाएगी। पुलिस की इस कार्रवाई को खदान क्षेत्र में अनुशासन बनाए रखने तथा श्रमिकों के बीच आपसी विवाद और हिंसक घटनाओं पर अंकुश लगाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।


0 Comments