Hot Posts

6/recent/ticker-posts

Ad Code

Responsive Advertisement

कबाड़ कारोबार का काला खेल: नाबालिगों से सामान खरीदने का आरोप, विवाद में बच्चे पर लोहे से हमला

 पत्थलगांव के रायगढ़ रोड स्थित कबाड़ कारोबारी का बढ़ता दबदबा, नाबालिग पर लोहे के राड से हमला रायगढ़ रोड की घटना से मचा हड़कंप, क्षेत्र में चोरी की बढ़ती घटनाओं के पीछे कबाड़ खरीदने का खेल : नाबालिगों से सामान खरीदने और मारपीट के आरोप वहीं बिना लाइसेंस के कबडा कारोबारी कर रहे कबाड़ का गोरख धंधा प्रशासन को लाइसेंस जांच कर इनके ऊपर होनी चाहिए कानूनी कार्यवाही


पत्थलगांव । नगर में इन दिनों रायगढ़ रोड कबाड़ कारोबारी की गतिविधियों को लेकर लोगों में नाराज़गी बढ़ती जा रही है। क्षेत्र में लगातार हो रही छोटी-मोटी चोरी की घटनाओं के बीच कबाड़ खरीदने का कारोबार चर्चा का विषय बन गया है। आरोप है कि कुछ कबाड़ व्यापारी नाबालिग और घुमंतू बच्चों से टीन, प्लास्टिक के डिब्बे, पुट्ठा सहित अन्य सामान खरीद रहे हैं और इसके बदले उन्हें थोड़े पैसे देकर प्रोत्साहित कर रहे हैं। इससे क्षेत्र में चोरी की घटनाओं को बढ़ावा मिलने की आशंका जताई जा रही है।



इसी बीच नगर के रायगढ़ रोड पर एक गंभीर घटना सामने आई है, जिसमें एक कबाड़ कारोबारी द्वारा नाबालिग पर प्राणघातक हमला करने का मामला सामने आया है। बताया जा रहा है कि सामान के लेन-देन को लेकर हुए विवाद के दौरान कबाड़ व्यापारी ने नाबालिग के सिर पर लोहे से हमला कर दिया। अचानक हुए इस हमले से नाबालिग गंभीर रूप से घायल हो गया और उसे तत्काल अस्पताल जाकर अपना उपचार कराना पड़ा।


इस हमले में नाबालिग के सिर पर गंभीर और गहरी चोट आई है, वहीं खून से लतपथ नाबालिग दिखाई पड़ रहा है, हालांकि समय रहते इलाज मिलने से उसकी स्थिति अब खतरे से बाहर बताई जा रही है। घटना के बाद नाबालिग ने पुलिस थाना पहुंचकर अपनी आपबीती बताई, जिसके बाद मामले की जानकारी सामने आई। लोगों का कहना है कि पिछले कई दिनों से कुछ कबाड़ कारोबारी खुलेआम नाबालिग बच्चों से सामान खरीद रहे हैं। आरोप है कि बच्चों को सामान लाने के लिए उकसाया जाता है और कई बार उनसे कम दाम पर सामान खरीद लिया जाता है। इतना ही नहीं, कुछ मामलों में बच्चों को डराने-धमकाने और मारपीट करने की भी शिकायतें सामने आ रही हैं।

कबाड़ खरीदने की इस व्यवस्था के कारण क्षेत्र में चोरी की घटनाओं को बढ़ावा मिल रहा है। कई बार घरों, दुकानों या खाली स्थानों से टीन, लोहे के टुकड़े, प्लास्टिक के डिब्बे और अन्य कबाड़ सामान गायब होने की घटनाएं सामने आती हैं, लेकिन अधिकतर मामलों में शिकायत दर्ज नहीं हो पाती। रायगढ़ रोड की घटना सामने आने के बाद लोगों में आक्रोश बढ़ गया है। नागरिकों ने प्रशासन और पुलिस से मांग की है कि नगर में चल रहे कबाड़ कारोबार की जांच की जाए और नाबालिग बच्चों से सामान खरीदने पर सख्त रोक लगाई जाए। जिससे नाबालिगों का भविष्य गर्त की ओर जाने से बच सके।


वहीं पुलिस का कहना है कि मामले की जानकारी मिलने के बाद जांच शुरू कर दी गई है। नाबालिग के बयान के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। यदि जांच में मारपीट या अन्य अपराध की पुष्टि होती है तो संबंधित व्यक्ति के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।


आपको बता दें कि यदि समय रहते इस समस्या पर नियंत्रण नहीं किया गया, तो आने वाले समय में अपराध और बढ़ सकते हैं। ऐसे में प्रशासन से उम्मीद की जा रही है कि कबाड़ कारोबार पर निगरानी बढ़ाकर इस तरह की घटनाओं पर जल्द अंकुश लगाया जाएगा।

Post a Comment

0 Comments

Ad Code

Responsive Advertisement